मूसलाधार बारिश ने बिगाड़े हालात, चारों तरफ पानी-पानी, भारी जाम के चलते घंटों फंसे रहे लोग !

गुडग़ांव ! प्रदेशभर में रुक-रुककर मंगलवार से बारिश हो रही है। बुधवार को एनसीआर में तेज बारिश हुई। गुडग़ांव में भारी बारिश की वजह से चारों तरफ पानी भर गया। हालत ये थी कि शहर के अंडरपास तक डूब गए। जगह-जगह जलभराव की वजह से कारें डूब गईं। सडक़ें तालाब बन गई। इससे आम लोगों, पुलिस और प्रशासन को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में मंगलवार देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने गर्मी से राहत तो दिलाई है, लेकिन यह बारिश अपने साथ आफत भी लेकर आई है। बारिश बुधवार सुबह 11 बजे तक लगातार जारी रही। बारिश के कारण लोगों को शहर के बीच से गुजरने वाला हाइवे हो या फिर शहर की अंदरूनी सड़कें सभी जगह जलभराव हुआ। हाइवे पर हुए जलभराव के कारण लोगों को घंटों जाम में भी फंसे रहना पड़ा। हालांकि, इस आफत में भी नगर निगम, जिला प्रशासन और जीएमडीए से कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपने घरों से नहीं निकले, जबकि बारिश में लोगों की दिक्कत को दूर करने और उससे निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस सुबह छह बजे से ही रोड पर मौजूद रही।

ट्रैफिक पुलिस के 1250 जवानों ने सुबह से ही सड़कों पर मोर्चा संभाले रखा ताकि राहगीरों को कम से कम दिक्कत हो, लेकिन बुधवार को बारिश आफत लेकर आई। शहर में पटेल नगर, हिमगिरी चौक, खांडसा रोड, शीतला माता रोड, गोल्फ कोर्स रोड, नरसिंहपुर, राजीव चौक अंडरपास सहित सैकड़ों जगहों पर जलभराव हुआ। शहर में जहां पर जलभराव हुआ, ट्रैफिक पुलिस ने ट्विटर पर लोगों को जानकारी दी और दूसरे रास्तों का प्रयोग करने की सलाह दी।

नरसिंहपुर के पास सर्विस रोड पर डूबी गाड़ियां : नरसिंहपुर के पास बुधवार को हुई बारिश के बाद कई गाड़ियां पानी में डूब गईं। इस साल जितनी बार बारिश हुई, हर बार नरसिंहपुर के पास जलभराव देखने को मिला। बुधवार को हुई ज्यादा बारिश के कारण कई गाड़ियां भी डूब गईं। नरसिंहपुर पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने गाड़ी में बैठे लोगों को मुश्किल से बाहर निकाला। पिछले कई सालों से यहां पर जलभराव हो रहा है, लेकिन उसके बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ।
यहां पर लगा जाम : बारिश के दौरान दिल्ली-जयपुर हाइवे पर दिल्ली से जयपुर जाते समय एंबियस मॉल से शंकर चौक, साइबर सिटी, सेक्टर-30, हंस एंक्लेव से नरसिंहपुर तक पहुंचने में लोगों के पसीने छूट गए। हंस एंक्लेव से नरसिंहपुर तक की दूरी पांच किलोमीटर है। इस दूरी को पार करने के लिए लोगों को सवा घंटे तक का इंतजार करना पड़ा। वहीं दूसरी ओर हंस एंक्लेव में लोगों के घरों में पानी भर गया। इसके अलावा सेक्टर-84 के पास, आईएमटी मानेसर, अतुल कटारिया चौक, बिलासपुर चौक, एमजी रोड, खांडसा रोड सहित अन्य जगहों पर जाम लगा। लोगों को काफी दिक्कतें भी हुईं।
नहीं पहुंच पाए ऑफिस : बारिश के कारण हाइवे और शहर की अंदरूनी सड़कों पर हुए जलभराव और जाम की वजह से लोग बुधवार सुबह समय से अपने ऑफिस तक नहीं पहुंच पाए। लोगों का सारा समय जाम में फंसने के कारण खराब हो गया। कुछ लोग वापस अपने घर चले गए तो कुछ 11 बजे तक अपने ऑफिसों में पहुंचे।



