फरीदाबाद में इंटर-स्कूल सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2026-27 के द्वितीय चरण का सफल आयोजन

फरीदाबाद : पुलिस महानिदेशक हरियाणा तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (हाईवे), करनाल के आदेशानुसार, पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सत्येंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं डीसीपी ट्रैफिक उत्तम आईपीएस के निर्देशन में इंटर-स्कूल सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2026-27 के द्वितीय चरण का सफल आयोजन किया गया।
यह प्रतियोगिता डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30, पुलिस लाइन, फरीदाबाद में आयोजित की गई, जिसमें प्रथम चरण में सफल होकर आए जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के लगभग 2,300 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में रोड सेफ्टी सेल इंचार्ज इंस्पेक्टर राजेश तथा जिला शिक्षा कार्यालय के नोडल अधिकारी सतीश चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रतियोगिता का आयोजन विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, यातायात नियमों की जानकारी को मजबूत करने तथा सुरक्षित सड़क उपयोग की आदतों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने निर्धारित स्तरों के अनुसार भाग लेते हुए यातायात नियमों, सड़क संकेतों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, पैदल यात्रियों की सुरक्षा, ओवरस्पीडिंग के खतरों तथा वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों से संबंधित अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
इंटर-स्कूल सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता चार स्तरों में आयोजित की जाती है। इसमें कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए लेवल-1, कक्षा 6 से 8 तक के लिए लेवल-2, कक्षा 9 से 12 तक के लिए लेवल-3 तथा कॉलेज एवं अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए लेवल-4 निर्धारित है।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में सफल विद्यार्थियों ने द्वितीय चरण में भाग लिया। द्वितीय चरण के बाद चयनित विद्यार्थियों को आगामी क्विज प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस क्विज प्रतियोगिता में सफल होने वाले विद्यार्थी राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में फरीदाबाद जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति व्यवहारिक समझ विकसित करना तथा उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है।
डीसीपी ट्रैफिक उत्तम के निर्देशन में फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों की भागीदारी से ऐसे कार्यक्रम सड़क सुरक्षा के संदेश को विद्यालयों, परिवारों और समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस आमजन से अपील करती है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। ओवरस्पीडिंग एवं वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। किसी भी सहायता अथवा यातायात संबंधी सूचना के लिए डायल-112 या ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 0129-2267201 पर संपर्क किया जा सकता है।



