श्री संकटमोचन हनुमान मंडल ‘‘कैली धाम’’ में जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया

- सारे जगत के गुरु सखा व पालन करता हैं भगवान श्रीकृष्ण : पवन वशिष्ठ
- भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में जो बताया है उसी राह पर चलकर अपना जीवन जीना चाहिए : अरुण बजाज
फरीदाबाद (मनीष शर्मा) : भगवान श्रीकृष्ण का जन्म पूरे देश में बहुत ही धूमधाम से मनाया गया। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग दिल्ली मथुरा पर स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंडल ‘‘कैली धाम’’ में भी जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। मंदिर के प्रधान पवन वशिष्ठ ने बताया कि भगवान कृष्ण सारे जगत के गुरु सखा व पालन करता हैं और श्री संकटमोचन हनुमान मंडल के सभी सदस्य हर्ष और उल्लास के साथ में भगवान का जन्मदिन मंदिर प्रांगण में मनाते हैं।
कार्यक्रम में विशेष रूप से प्रतिष्ठित व्यवसाई व प्रमुख समाजसेवी अरुण बजाज, बी एस चौधरी, पारसमल, गौतम चौधरी व शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
लक्ष्मणगढ़ राजस्थान से आये कलाकार विकास मिश्रा ने अपनी मंडली के साथ भजनों का समा बांधा तो मंडल के सदस्यों व फरीदाबाद के कलाकार पवन जोशी, देव चंद सैनी, घीसाराम खंडेलवाल, घनश्याम आहूजा, भंवर लाल शर्मा, मदन गोपाल बंसल के भजनों पर भक्त झूमते नजऱ आए। वहीं नन्हीं कलाकार कृष्णा प्रिया की डांस प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया।
मंडल के सदस्य प्रधान पवन वशिष्ठ, मुकेश वर्मा, ललित गर्ग, बृज बिहारी त्रिवेदी, अशोक रावत, सीए संदीप शर्मा, प्रफुल्ल शर्मा, दीपक राठौड़, अरविंद शर्मा, शंभू नाथ पांडे, पंकज गर्ग, उत्तम शर्मा आदि लोग मंदिर की व्यवस्था व प्रसाद वितरण का कार्य देख रहे थे।

प्रमुख समाजसेवी अरुण बजाज ने कहा कि सब लोगों को भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में जो बताया है उसी राह पर चलकर कर्म की प्रधानता को समझते हुए अपना जीवन जीना चाहिए। लड्डू गोपाल के जन्मोत्सव पर लोग प्रभु से स्वस्थ, सुखी और संपन्न जीवन प्राप्ति की कामना करते हैं। साथ ही, दूसरों को भी इस विशेष दिन की शुभकामनाएं देते हैं।
प्रमुख समाजसेवी गौतम चौधरी ने कहा कि श्री कृष्ण भगवान विष्णु जी के अवतार हैं और भगवान का अवतार होने के कारण से श्री कृष्ण जी में जन्म से ही सिद्धियां विद्यमान थीं। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर घरों में उत्सव का वातावरण रहता है भक्त श्रीकृष्ण की पालकी सजाते हैं तथा झांकियां भी निकाली जाती हैं।
मंदिर में श्रीकृष्ण जन्म के समय वरिष्ठ पुजारी जेठमल, श्रीराम, लक्ष्मीनारायण ने अभिषेक किया तत्पश्चात प्रधान पवन वशिष्ठ ने सबको बधाई दी और प्रसाद का वितरण किया गया।



