सुधार गृह से 11 किशोर फरार !

नयी दिल्ली ! कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन के बीच मध्य दिल्ली में एक सुधार गृह से 11 किशोर अपने सुरक्षा प्रभारी और तीन पुलिसकर्मियों को घायल करने के बाद फरार हो गए । दिल्ली सरकार ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनायी है और घटना पर एक रिपोर्ट सौंपने को कहा है ।

पुलिस ने बताया कि सभी की उम्र 16 से 18 वर्ष के बीच है। ये सभी बुधवार शाम दिल्ली गेट के पास एक सुधार गृह से फरार हो गए । किशोर गृह का संचालन गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) प्रयास करता है । संस्था प्रयास के संस्थापक ने कहा कि सुधार गृह में केवल 16 साल से कम उम्र के नाबालिगों को रखा जाता है। लेकिन, हाल में यहां कुछ अन्य सुधार गृहों से भी किशोर भेजे गए जिनमें अधिकतर ‘दोषी’ थे। संस्थापक ने कहा, ‘‘जब उन्हें यहां लाया गया था तब हमने मामला उठाया था।’’

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि भागते समय उन्होंने अपने सुरक्षा प्रभारी पर हमला कर दिया और इसके बाद बीच-बचाव में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। नाबालिगों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़ दिया और फरार हो गए । घटना के बारे में बुधवार को शाम सवा सात बजे पुलिस को बताया गया। अधिकारी ने बताया कि घायलों को निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया और उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गयी । घटना के तुरंत बाद फरार नाबालिगों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें घटना के बारे में बताया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!