सूरजकुंड क्राफ्ट मेला के ‘आपणा घर’ में सेल्फी प्वाईंट्स बने आकर्षण का केन्द्र

सूरजकुंड, 26 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड क्राफ्ट मेला के विरासत द्वारा तैयार किए गए ‘आपणा घर’ में सेल्फी प्वाईंट्स पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। यहां पर पगड़ी बंधाओ, फोटो खिंचाओ पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रहा है। यह जानकारी मेला प्रवक्ता ने दी।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी विरासत की ओर से ‘आपणा घर’ को हरियाणवी लोक पारम्परिक स्वरूप में तैयार किया गया है। ‘आपणा घर’ के बाहर हरियाणवी पगड़ी का पंडाल पगड़ी बंधाओ, फोटो खिंचाओ, पगड़ी बंधाओ, पगड़ी ले जाओ पर्यटकों को अपनी ओर लुभा रहा है। इसके साथ ही हरियाणवी चौपाल का दृश्य जिसमें बड़े पिलंग पर एक ताऊ हुक्का पी रहा है तथा उसके पगड़ी में छोटा बच्चा बैठा हुआ है विशेष तौर पर पर्यटकों के लिए कौतुहल बना हुआ है। सभी पर्यटक हुक्के के साथ सेल्फी लेना नहीं भूलते। इसके पास में ही खड़ा हरियाणा का परिवहन का साधन रेहडू भी पर्यटकों के लिए सेल्फी प्वाइंट के रूप में खूब लोकप्रिय हो रहा है।

इतना ही नहीं ‘आपणा घर’ में लगा हुआ गंडासा भी पर्यटकों के लिए रोचक प्वाईंट के रूप में सेल्फी के लिए लोकप्रियता हासिल कर रहा है। यहां पर सांझी की 2 तस्वीरें उकेरी गई हैं। पर्यटकों के लिए दोनों सांझी विशेष रूप से आकर्षण का केन्द्र बन रही हैं। महिलाएं ‘आपणा घर’ में रखी हुई चक्की को चला-चलाकर अतीत की यादों को संजोकर सेल्फी के माध्यम से कैमरे में कैद कर रही हैं। इसके साथ अनाज कूटने के लिए रखा गया ओखल एवं मूसल भी शहरी महिलाओं के लिए सेल्फी प्वाईंट के रूप में खूब लोकप्रियता हासिल कर रहा है। इसके साथ ही विरासत-ए-हेरिटेज हरियाणा में प्रदर्शित किए गए हरियाणा का लोक पारम्परिक क्राफ्ट भी पर्यटकों के लिए सेल्फी प्वाईंट के रूप में लोकप्रिय हो रहा है। इस प्रकार ‘आपणा घर’ में बनाए गए हरियाणवी सेल्फी प्वाईंट्स पर्यटकों में खूब लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!