सोनल गोयल ने शैक्षणिक संस्थानों और शिक्षा विभाग को पर्यावरण की रक्षा में सहयोग करने को कहा

फरीदाबाद, 5 दिसम्बर। फरीदाबाद नगर निगम की आयुक्त सोनल गोयल ने शैक्षणिक संस्थानों और शिक्षा विभाग को आह्वान किया है कि वे फरीदाबाद नगर निगम के द्वारा पर्यावरण की रक्षा की खातिर किए जा रहे प्रयासों में अपना भरपूर सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी सहित 50 से अधिक शैक्षणिक संस्थाओं के प्रधानाचार्यों व मुख्याध्यापकों को पत्र लिखकर प्रदूषण की रक्षा, मौसम परिवर्तन, स्वच्छ फरीदाबाद, जल बचाव, वृक्षारोपण और ऊर्जा बचत जैसे विषय को स्कूलों के द्वारा नियमित तौर से आयोजित की जाने वाली गतिविधियों का हिस्सा बनाने की भी अपील की है।निग्मायुक्त ने अपने पत्र में पिछले दिनों वायु प्रदूषण की उत्पन्न हुई आपातकालीन स्थिति की चर्चा करते हुए कहा है कि प्रदूषित वातावरण से बच्चों को बचाने की खातिर न केवल स्कूलों को कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया गया था, बल्कि उनकी खेल-कूद जैसी सभी बाहरी गतिविधियों को भी अभिभावकों के द्वारा प्रतिबंधित तक कर दिया गया था। इतना ही नहीं 14 नवंबर के बाल दिवस के आयोजनों का भी बच्चे लुफ्त नहीं उठा सके थे और ऐसा पिछले 3-4 सालों से चला आ रहा है। निग्मायुक्त ने अपने इस पत्र में इस बात को स्वीकार किया है कि बतौर नगर निगम प्रशासन उन्हें और अधिक सक्रिय होकर वायु प्रदूषण को कम करने या इसकी रोकथाम के लिए और अधिक कदम उठाने चाहिए लेकिन आम नागरिकों, शैक्षणिक संस्थाओं, समाजसेवी संगठनों की भागीदारी सहित व्यापक जनभागीदारी के बिना वायु प्रदूषण की उत्पन्न हुई अत्यधिक आपातकालीन स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जाना मुमकिन नहीं है।
सोनल गोयल ने कहा कि हमारे देश को स्वतंत्र हुए कुछ ही वर्ष हुए हैं और विद्यालयों व महाविद्यालयों में पढऩे वाले छात्र व छात्राएं देश के भावी निर्माता हैं, अत: इन युवाओं को आज की आवश्यकताओं विशेषकर पर्यावरण को उत्पन्न खतरों के प्रति सचेत करना हम सबकी जिम्मेवारी बनती है और अध्यापक, बच्चों के मार्गदर्शक व गुरू होने के नाते इस दिशा में अत्यधिक सक्रिय भूमिका निभा सकते है। निग्मायुक्त ने अपने पत्र में कहा कि जहां शैक्षणिक संस्थाओं के द्वारा वायु प्रदूषण से बचाव, मौसम परिवर्तन, दीपावली के आस पास पटाखों से संबंधित जागरूकता आदि-आदि विषयों पर अनेकों प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, वहीं नगर निगम प्रशासन के द्वारा भी सिंगल यूज प्लास्टिक, स्वच्छ भारत मिशन अभियान, सफाई की आदत डालने सहित अनेकों विषयों पर गतिविधियों का निरंतरता में आयोजन किया जाता है। उन्होंने इन सभी शैक्षणिक संस्थाओं में इस प्रकार की गतिविधियां नगर निगम प्रशासन के साथ मिलकर आयोजित करने की भी अपील की है।



