नया संसद भवन उभरते भारत का प्रतीक : पंकज रामपाल

– कहा, कांग्रेस की विकृत मानसिकता हुई और गहरी
फरीदाबाद : भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज रामपाल ने नए संसद भवन के उदघाटन पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि नया संसद भवन नए उभरते भारत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूरे देश के लिए नए संसद भवन का उदघाटन एक ऐतिहासिक क्षण रहा। उन्होंने कहा कि नए भवन में कई हजार वर्ष पुराने सांगोल की स्थापना भारत के दोबारा विश्व गुरु बनने की ओर बढऩे का प्रतीक है।

पंकज रामपाल ने कहा कि नया भवन अनेकता में एकता और सर्वधर्म सदभाव का प्रतीक है। वहीं नए संसद भवन के उदघाटन को लेकर विपक्ष की बयानबाजी पर पंकज रामपाल ने कहा कि जब भी कोई अच्छी चीज होती है तो कांग्रेस नेता घटिया राजनीति का सहारा लेते हैं। जब देश नए संसद भवन के निर्माण पर गर्व महसूस कर रहा है, तो इसके नेता फिर से एक नए निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अराजकतावादी राजनीति के कारण उसकी विकृत मानसिकता अधिक गहरी हो गई है और यह पूरी तरह से नजर आ रहा है ।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां नकारात्मक और पराजयवादी मानसिकता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश के लोगों ने खारिज कर दिया है और इस तरह की टिप्पणियां उनकी हताशा को दर्शाती हैं।



