गाड़ी का रास्ता रोककर मारपीट, चाकू से हमला और छीनाझपटी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

दयालबाग पुलिस चौकी की कार्रवाई, पार्टी के दौरान वारदात को दिया अंजाम; एक आरोपी पर पहले से आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज

फरीदाबाद, 29 अक्टूबर : फरीदाबाद में गाड़ी का रास्ता रोककर मारपीट करने, चाकू से हमला करने और नकदी व अन्य सामान छीनने के मामले में पुलिस चौकी दयालबाग की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ, सुशांत, मोनू और सावन, निवासी लक्कड़पुर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। वारदात के दौरान सुशांत ने शिकायतकर्ता पर चाकू से हमला किया था। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, लक्कड़पुर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी दयालबाग में शिकायत दी कि 27 अक्टूबर की रात वह अपने भाई के साथ गाड़ी में CNG भरवाकर घर लौट रहा था। जब वे आइडियल स्कूल के पास पहुंचे तो 4-5 युवकों ने उनकी गाड़ी के सामने खड़े होकर रास्ता रोक लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी उनसे 400 रुपये और अन्य सामान छीनकर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस जांच और पूछताछ में सामने आया कि 27 अक्टूबर को चारों आरोपी एक साथ बैठकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने शिकायतकर्ता की गाड़ी रोककर उसके और उसके भाई के साथ मारपीट की। सुशांत ने चाकू से हमला किया और आरोपी नकदी व अन्य सामान छीनकर मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी सुशांत के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस चौकी दयालबाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!