‘पुलिस की पाठशाला’ के तहत विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

फरीदाबाद, 29 अक्टूबर। फरीदाबाद पुलिस द्वारा आम जन को जागरूक करने के लिए लगातार कार्यक्रम किया जा रहे हैं। इसी कड़ी में फरीदाबाद पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग टीम एवं पुलिस चौकी सेक्टर 51A द्वारा संयुक्त रूप से G.D. गोयनका पब्लिक स्कूल, फरीदाबाद में ‘पुलिस की पाठशाला’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 250 से 300 विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, डायल 112, दुर्गा शक्ति ऐप एवं ट्रिप मॉनिटरिंग के संबंध में जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त बच्चों को गुड टच-बैड टच के प्रति जागरूक करते हुए मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से बचने, गलत संगति से दूर रहने तथा खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा ओटीपी एवं पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। साथ ही, किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे अपने कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक रहें तथा किसी भी आपात स्थिति, महिला संबंधी अपराध या साइबर अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



