8 जनवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का नोटिस सौंपा

फरीदाबाद, 3 जनवरी। विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर निगम के संयुक्त-आयुक्त प्रशांत अटकान को 8 जनवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का नोटिस सौंपा। सरकार को दी चेतावनी अनुबंध के कर्मचारियों की व अग्निशमन विभाग, मार्किट कमेटियों की फायरमैन व ड्राईवरों की सैक्शन जल्द जारी नहीं की तथा मानी गई मांगों के जल्द पत्र जारी नहीं किए तो प्रदेश के पालिका, परिषदों व निगमों के कर्मचारी करेगें राज्यव्यापी आन्दोलन। यह चेतावनी आज निगम मुख्यालय पर विशाल सभा को सम्बोधित करते हुए नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने दी। श्री शास्त्री ने कहा कि सरकार की वायदा खिलाफी व हठधर्मिता के खिलाफ प्रदेश के सभी 87 शहरों में उल्टी झाडू हाथों में लेकर मुख्य बाजारों में प्रदर्शन जारी रहेगा। इसके बाद प्रदेश की पालिका, परिषदों व निगमों के 32 हजार कर्मचारी 8 जनवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होकर केन्द्र व राज्य सरकार की दलित विरोधी, किसान विरोधी, मजदूर विरोधी व छात्र विरोधी नीतियों का विरोध करेगें। प्रदर्शन की अध्यक्षता नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर ने की तथा मंच का संचालन उपप्रधान प्रकाश प्रचारी ने किया।

संघ के उपमहासचिव सुनील कुमार चिण्डालिया ने कहा कि सरकार जान बूझकर कर्मचारियों की सेक्शन रिन्यूवल नहीं कर रही है, ताकि वर्षों से लगे फायरमैनों, ड्राईवरों, सफाई कर्मचारियों व सीवरमैनों को नौकरी से बाहर कर सकें। श्री चिण्डालिया ने संघ द्वारा दी गई चेतावनी को दोहराते हुए कहा कि अगर एक भी कर्मचारी को नौकरी से निकाला तो प्रदेश के 32 हजार कर्मचारी हड़ताल पर चल जाएगें।

कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए जिला प्रधान गुरचरण खाण्डिया, जिला सचिव नानकचंद खैरालिया सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर ने कहा कि नगर निगम के अनुबंधित एवं ठेकाप्रथा में कार्यरत कर्मचारियों व नियमित कर्मचारियों को भी वेतन नहीं मिल रहा है। वहीं संघ चेतावनी दी है कि निगम प्रशासन द्वारा कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया तो निगम मुख्यालय पर अनिश्चिकालीन आन्दोलन चलाया जायेगा। सभा में केन्द्रीय कमेटी की नेता ब्रजवती, कमला, सचिव सोमपाल झिझोटिया, जितेन्द्र छाबड़ा, प्रेमपाल, श्रीनंद ढकोलिया आदि ने भी सम्बोधित किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!