कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर महिला डॉक्टर ने 14वीं मंजिल से कूदकर दी जान

ग्रेटर नोएडा : कोरोना वायरस महामारी के चलते लोग जहां शारीरिक तौर पर परेशान हो ही रहे हैं, वहीं मानसिक तौर पर भी लोग संतुलन खो दे रहे हैं। ऐसे मौकों पर सावधानी की जररूत है। जाने अनजाने में लोग कोरोना के खौफ से अप्रिय कदम तक उठा ले रहे हैं। ऐसा ही कुछ हुआ यूपी के ग्रेटर नोएडा में जहां एक कोरोना संक्रमित महिला डॉक्टर ने 14वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। मामला ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र का है। यहां महिला और उसके पति की दो दिन पहले कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। सेक्टर 137 के पैरामाउंट सोसायटी में यह घटना घटी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

आप याद रखें कि कोरोना से अभी भी 98 फीसदी लोग ठीक हो रहे हैं। इसलिए कोरोना होने पर एकदम घबराएं नहीं, बल्कि एहतियात का पालन करें। वहीं देश में कोरोना वायरस का आतंक जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 3,46,786 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 2,624 लोगों की कोरोना के चलते मौत हुई है। बीते 24 घंटे में 2,19,838 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। देश में कोरोना के कुल मामले 1,66,10,481 हो गए हैं। वहीं अब तक 1,38,67,997 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या 1,89,544 हो गई है। देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की बात करें तो यह आंकड़ा 25,52,940 है। अब तक 13,83,79,832 वैक्सीन डोज दी गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!