फरीदाबाद पुलिस ने 3 साल से अधिक समय से बिछड़े व्यक्ति को परिवार से मिलाया

Crime Branch KAT की सराहनीय कार्रवाई, मानसिक रूप से कमजोर है गुमशुदा व्यक्ति

  • देशभर के आश्रमों में तलाश के बाद उत्तर प्रदेश के कासगंज से सकुशल बरामद हुए गुरदीप

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच KAT टीम ने मानवीय संवेदनशीलता और अथक प्रयासों का परिचय देते हुए करीब 3 साल 2 महीने से लापता गुरदीप (46 वर्ष) को उत्तर प्रदेश के कासगंज स्थित तुलसीदास जन्मभूमि आश्रम से सकुशल बरामद कर उनके परिवार से मिलवाया है।

गुरदीप पुत्र दर्शन सिंह, निवासी चंडीगढ़ कॉलोनी, इस्माइलपुर, फरीदाबाद 25 अगस्त 2023 से लापता थे। मानसिक रूप से कमजोर होने और बोलने में असमर्थ होने के कारण वह अपना नाम, पता और परिवार के बारे में जानकारी देने में सक्षम नहीं थे। इसके चलते वह लंबे समय से अपने परिवार से दूर रह रहे थे।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार क्राइम ब्रांच KAT की टीम ने गुरदीप की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए। टीम द्वारा मंदिरों, गुरुद्वारों, अस्पतालों, मोर्चरियों और आश्रमों में तलाश की गई। साथ ही देशभर के आश्रमों से संपर्क कर उनके संबंध में जानकारी जुटाई गई।

लगातार प्रयासों और मुखबिर तंत्र की सहायता से टीम को गुरदीप के उत्तर प्रदेश के कासगंज स्थित तुलसीदास जन्मभूमि आश्रम में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें सकुशल बरामद कर लिया। वह पिछले करीब एक वर्ष से इसी आश्रम में रह रहे थे।

परिवार से मिलकर छलके खुशी के आंसू

करीब 3 साल 2 महीने से अपने परिजन से बिछड़े गुरदीप को वापस पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार को उन्हें दोबारा देखने और मिलने की उम्मीद लगभग छूट चुकी थी। गुरदीप के मिलने पर परिजनों ने फरीदाबाद पुलिस की टीम का आभार व्यक्त किया।

फरीदाबाद पुलिस की यह कार्रवाई न केवल पुलिस की कार्यकुशलता, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता और अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण का भी उदाहरण है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!