सूरजकुंड दिवाली उत्सव मेला को लेकर फरीदाबाद पुलिस ने किए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
650 से अधिक पुलिसकर्मी पर ड्युटियों की जिम्मेदारी, पुलिस उपायुक्त, एनआईटी उत्तम होंगी नोडल अधिकारी

- भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर, सीसीटीवी से रखी जाएगी निगरानी
फरीदाबाद, 22 अक्टूबर। सूरजकुंड मेला क्षेत्र में 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले दिवाली उत्सव मेला को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। दिवाली उत्सव मेला में VIP के आगमन तथा बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई है। मेला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
मेला की नोडल अधिकारी डीसीपी एनआईटी उत्तम ने बताया कि दिवाली उत्सव मेला के दौरान मेला परिसर के प्रवेश एवं निकास द्वारों, प्रमुख स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी के प्रबंध किए गए हैं। इस दौरान 650 से अधिक पुलिसकर्मी ड्यूटियों पर तैनात रहेंगे। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी सुनिश्चित की गई है, ताकि दिवाली उत्सव मेला के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।
CCTV कैमरों से होगी निगरानी: मेले में सुरक्षा की दृष्टि से मेला प्रशासन द्वारा CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी के लिए CCTV कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। CCTV कैमरों के माध्यम से मेले में आने-जाने वाले लोगों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की पहचान होने पर संबंधित पुलिस अधिकारियों को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बम डिस्पोजल टीम एवं डॉग स्क्वायड की तैनाती: मेले की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एंटी-सैबोटाज टीम, बम डिस्पोजल टीम एवं डॉग स्क्वायड की व्यवस्था की गई है। टीमों द्वारा मेले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच की जाएगी। प्रवेश द्वारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा जांच के साथ संदिग्ध वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
यातायात व्यवस्था के किए गए विशेष प्रबंध: दिवाली उत्सव मेला के दौरान मेला क्षेत्र के आसपास यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। वाहन चालकों से अनुरोध है कि वे यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा सड़क पर वाहन खड़ा करने से बचें। यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही आवागमन करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
फरीदाबाद पुलिस आमजन से अपील करती है कि दिवाली उत्सव मेला के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल, पर्स एवं अन्य कीमती सामान का ध्यान रखें तथा बच्चों को अकेला न छोड़ें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और भ्रामक जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें।



