शहीदों को नमन: फरीदाबाद पुलिस ने जिले के सभी थानों, चौकियों, पुलिस लाइन एवं कार्यालय परिसरों में चलाया पौधारोपण अभियान
पौधे लगाकर पुलिस शहीदों को दी श्रद्धांजलि, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का दिया संदेश

- संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेंद्र कुमार मीणा IPS एवं DCP मुख्यालय हिमाद्रि कौशिक IPS ने पुलिस आयुक्त कार्यालय परिसर में किया पौधारोपण, DCP बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल IPS ने थाना शहर बल्लभगढ़ में लगाया पौधा
- 21 से 31 अक्टूबर तक मनाए जा रहे पुलिस शहीदी दिवस पखवाड़े के तहत आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रम
फरीदाबाद, 23 अक्टूबर : हरियाणा सरकार की पहल पर 21 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक मनाए जा रहे पुलिस शहीदी दिवस पखवाड़े के अंतर्गत फरीदाबाद पुलिस द्वारा जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस के वीर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। 23 अक्टूबर को फरीदाबाद पुलिस की ओर से जिले के सभी थाना, चौकी, पुलिस लाइन एवं पुलिस कार्यालय परिसरों में पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। साथ ही, पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वातावरण और हरियाली को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिन देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन की जान-माल की रक्षा करते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन करने के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान को याद करने के लिए समर्पित है। पुलिस के वीर जवान कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखते हैं। उनका त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा पूरे पुलिस बल के लिए सदैव प्रेरणास्रोत है।
इसी उद्देश्य से 31 अक्टूबर तक पुलिस शहीदी दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पुलिस शहीदों के बलिदान को याद किया जा रहा है तथा पुलिसकर्मियों और आमजन को उनके योगदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस शहीदी दिवस पखवाड़े के अंतर्गत 23 अक्टूबर को पुलिस आयुक्त कार्यालय परिसर, सेक्टर-21सी, फरीदाबाद में संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेंद्र कुमार मीणा IPS एवं पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक IPS ने पौधारोपण कर पुलिस शहीदों को नमन किया। वहीं पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल IPS ने थाना शहर बल्लभगढ़ परिसर में पौधारोपण कर पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा पुलिस थाना व चौकी स्तर पर भी पौधरोपण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
पौधारोपण के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने यह संदेश दिया कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों की स्मृति को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पेड़-पौधे स्वच्छ वायु, संतुलित पर्यावरण और बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक हैं। ऐसे में पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ पौधारोपण करना एक सार्थक पहल है, जो शहीदों की स्मृति को सम्मान देने के साथ समाज को प्रकृति के संरक्षण के प्रति जागरूक करती है।



