अशोक तंवर आम आदमी पार्टी में हुए शामिल

नई दिल्ली : कांग्रेस की हरियाणा इकाई के पूर्व प्रमुख अशोक तंवर आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए हैं। उन्होंने ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा।

आप में शामिल होने के बाद अशोक तंवर ने कहा, ‘‘जनप्रिय नेता अरविंद केजरीवाल के कुशल नेतृत्व में जनहित में किए जा रहे कार्यों ने मुझे आम आदमी पार्टी में शामिल होने के लिए प्रेरित किया है। मैं जनता की आवाज उठाना जारी रखते हुए पार्टी नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा।’’

हरियाणा के सिरसा से सांसद रह चुके तंवर ने साल 2019 में कांग्रेस छोड़ दी थी। वह हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति (एचपीसीसी) के अध्यक्ष थे। उन्होंने भारतीय युवा कांग्रेस और कांग्रेस की छात्र इकाई एनयूएसआई के अध्यक्ष पद पर भी सेवाएं दी थीं। बाद में तंवर ने ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का दामन थाम लिया था. अब तंवर आप में शामिल हुए हैं।

अशोक तंवर का जुडऩा ‘आप’ के लिए एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि पार्टी 2024 में हरियाणा में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राज्य में अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिशों में जुटी है। पंजाब विधानसभा में ‘आप’ की शानदार जीत के बाद हरियाणा में कांग्रेस, बीजेपी और अन्य दलों के कई स्थानीय नेताओं ने केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी का दामन थाम लिया है। पंजाब में आप की जीत के बाद कई लोग आप में शामिल हुए हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!