राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एनआईटी फरीदाबाद में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता अप्रेंटिसशिप मेले का होगा आयोजन

– अप्रेंटिसशिप मेले में जिला की प्रतिष्ठित कंपनियों लेंगी भाग
फरीदाबाद (मनीष शर्मा) : राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एनएच-4 एनआईटी फरीदाबाद के प्रधानाचार्य गजेन्द्र कुमार ने बताया कि सोमवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एनआईटी फरीदाबाद में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में जिला की प्रतिष्ठित कंपनियां भाग ले रही हैं।
कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय भारत सरकार व सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के तत्वावधान में 13 फरवरी 2023 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, एनएच-4 एनआईटी फरीदाबाद में एक विशाल अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में सभी आईटीआई ट्रेड्स जैसे फिटर, वेल्डर, टर्नर, इलेक्ट्रिशियन, फ्रिज एवं ए.सी. मैकेनिक, एलेक्ट्रोनिक्स मैकेनिक, गराइंडर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, एमएमवी इत्यादि से पास विद्यार्थी भाग ले सकते हैं, जिन्होंने अभी तक अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग नहीं की है।
प्रधानाचार्य गजेन्द्र कुमार ने बताया कि जिला की प्रतिष्ठित कंपनियां जैसे एस्कॉट्र्स लिमिटेड, जेबीएम लिमिटेड, व्हर्लपूल लिमिटेड, आकृति लिमिटेड, इम्पीरियल ऑटो, शुभम पैकेज, फ्रिक इंडिया, बीसीएच इलेक्ट्रिक लिमिटेड, ओरियंट लिमिटेड, ग्रैंड प्रिक्स, मदर्सन सुमी, सिदवाल, पूजा फोर्जिंन, केआर रब्राईट, सूपर स्क्रू, हिन्दुस्तान सिरिंज इत्यादि भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि जो विद्यार्थी किसी कारणवश आईटीआई में दाखिला न होने के कारण आईटीआई कोर्स करने से वंचित रह गए हैं, वे भी इस मेले में भाग ले सकते हैं।
फरीदाबाद इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के द्वारा विभिन्न कंपनियां जैसे एके फोर्ज, अरविंद ऑटोमोटिव इंडिया, बोनी पॉलीमर्स, कैरियर इंजीनियर, सेनलब इंडस्ट्रीज, चैंपियन कंपोनेंट्स, कोसमॉस इंजीनियर, डी डेवलपमेंट इंजिनियर्स, ग्लोबल ऑटोमोटिव कॉम्पोनेंट्स, हिताची स्टोमा हरियाणा, हाईफिट इंजीनियर, इंपीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज, इंडिकेशन इंस्ट्रूमेंट, इंडो ऑटोटेक, जोनेजा ब्राइट स्टील्स, साधु फोर्जिंग, सेबब्रोज इंडस्ट्रीज, शंकर फोर्ज, स्लेजहैमर ऑयल टूल्स, स्टार वायर, सुपर स्क्रू, सुपर सील्स, टेकुमेश प्रोडक्ट इंडिया, थर्माडायिन, विक्टोरा ऑटो एंड वोयिथ पेपर फैब्रिक इंडिया लिमिटेड में भारत सरकार के अधीन मान्यता प्राप्त व्यवसाय टर्नर व वेल्डर के फ्रेशर उम्मीदवारों की अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग करवाई जाती है, जिसमें उन्हें ट्रेनिंग के साथ-साथ आठवीं पास को 5 हजार रुपये मासिक, दसवीं पास को 6 हजार रुपये मासिक, बाहरवीं पास को 7 हजार रुपये मासिक स्टाइपेंड भी दिया जाता है।
फरीदाबाद जिला में स्थित कंपनियों मे सेंटरलेस ग्राइंडर (ऑप्शनल) व्यवसाय की मांग अधिक होने के कारण फरीदाबाद इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के ट्रेनिंग सेंटर में यह कोर्स करवाया जाता है। इस मेले में फरीदाबाद इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी फ्रेशर उम्मीदवारों के चयन के लिए आ रहे हैं, जिसमें प्रत्येक व्यवसाय में 20 से 25 उम्मीदवारों का चयन किया जाना है। सभी आईटीआई से उत्तीर्ण विद्यार्थी तथा 8वीं, 10वीं, 12वीं पास उम्मीदवार अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग के लिए 13 फरवरी 2023 को प्रात: 9 बजे राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, एनएच-4 एनआईटी फरीदाबाद में पहुंचकर इस अप्रेंटिसशिप मेले का लाभ उठा सकते हैं। सभी उम्मीदवार अपने साथ आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं। जिन उम्मीदवारों ने https://www.apprenticeshipindia.gov.in/ पर रजिस्ट्रेशन नहीं किया है वे अपना आईटीआई पास सर्टिफिकेट, 10वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, फोटो, पैन कार्ड साथ लेकर अवश्य आएं, ताकि उनका रजिस्ट्रेशन मौके पर ही किया जा सके।



