3 युवकों ने फर्जी 10वीं की मार्कशीट लगाकर हासिल की सरकारी नौकरी !

जींद। जींद के होशियरपुरा गांव के एक नहीं 3 युवाओं ने डाकिया बनने के लिए बड़ा फर्जीवाड़ा किया। 3 दिन के अंदर एक-एक कर इन तीन युवकों के खिलाफ पिल्लूखेड़ा थाने में गबन, धोखाधड़ी सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है। गांव के दो युवकों के खिलाफ पहले केस दर्ज जबकि युवक अमित के खिलाफ पुलिस ने अब मामला दर्ज किया है। इस फर्जीवाड़े का खुलासा युवकों द्वारा डाक सेवक की ऑनलाइन निकली भर्ती प्रक्रिया के आवेदन में 10वीं कक्षा की अच्छे नंबरों की नेशनल ओपन बोर्ड की लगाई फर्जी मार्कशीट की वैरीफिकेशन से हुआ है। जब डाक विभाग ने मार्कशीट की संबंधित बोर्ड से जांच करवाई तो वहां पर उसका कोई भी रिकॉर्ड नहीं मिला और मार्कशीट को फर्जी करार दिया गया।
इसके बाद डाक विभाग करनाल मंडल द्वारा होशियारपुरा गांव के अजित के खिलाफ सोमवार को, शैलेंद्र के खिलाफ मंगलवार को और बुधवार को अमित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। युवकों द्वारा किए गए इस फर्जीवाड़े पर सवाल उठ रहा है कि कहीं इसमें कोई गिरोह तो शामिल नहीं। हालांकि इसका पता अब पुलिस जांच में ही हो पाएगा। लेकिन एक ही गांव के तीन युवकों द्वारा किए गए एक ही तरह के फर्जीवाड़े से ग्रामीण व पुलिस हैरान है।



