साहिल कौशिक रहे जिला स्तरीय युवा संसद के विजेता, अब जाएंगे हरियाणा विधानसभा

- हरियाणा विधानसभा चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय युवा संसद में भाषण देने के लिए चयन

फरीदाबाद, 25 मार्च : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के मीडिया विभाग में पत्रकारिता में स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के विद्यार्थी और हिसार निवासी साहिल कौशिक जिला स्तरीय युवा संसद के विजेता बने हैं। साहिल कौशिक ने राजकीय महाविद्यालय हिसार में 22 मार्च को आयोजित युवा संसद में एक राष्ट्र एक चुनाव विषय संबंधित अपने विचार रखे। इसमें हिसार, सिरसा और फतेहाबाद से कुल 150 प्रतिभागी शामिल हुए। साहिल की इस उपलब्धि पर जे.सी.बोस विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.सुशील कुमार तोमर ने अपने बधाई संदेश में कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने साहिल कौशिक के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दी। संचार एवं मीडिया तकनीकी विभागाध्यक्ष प्रोफ़ेसर पवन सिंह ने बधाई देते हुए साहिल कौशिक उर्फ़ स्काई को प्रतियोगिता के अगले पड़ाव के लिए प्रेरित करते हुए मार्गदर्शित किया।

साहिल कौशिक ने ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ विषय संबंधित अपने विचार रखते हुए कहा कि देश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एकसाथ होने चाहिएं। जिससे संसाधनों के साथ साथ आर्थिक रूप से भी देश को लाभ होगा। बार बार चुनाव के कारण लगने वाली आचार संहिता लगने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प 2047 के विकसित भारत की राह में ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ मील का पत्थर साबित होगा। अमृतकाल के इस समय में जहां एक एक पल बहुत महत्वपूर्ण है ऐसे में देश वर्ष में औसतन चार महीने चुनावी प्रक्रिया में व्यस्त रहता है। यह प्रक्रिया कोई नई नहीं हैं। वर्ष 1951 से लेकर 1967 तक देश में चुनाव एक साथ ही होते थे। आज आवश्यकता है उसी प्रक्रिया को पुनर्जीवित करने की। इन्ही महत्वपूर्ण बिंदुओं की प्राप्ति के साथ भारत पुनः ऐश्वर्य के इन्द्रासन पर विराजमान होगा और विश्व गुरु कहलाएगा।

साहिल कौशिक को बधाई देने वालों में सहायक प्राचार्य डॉ. राहुल आर्य, डॉ. सोनिया हुड्डा, डॉ. तरुणा नरूला, डॉ. अखिलेश त्रिपाठी, वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी, प्रॉडक्शन सहायक पंकज सैनी और अंजू सिंह शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!