शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर की गई थी 3 लाख की ठगी, खाताधारक सहित दो गिरफ्तार

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस का साइबर अपराधियों पर प्रहार जारी है, साइबर थाना NIT की टीम ने कार्रवाई करते हुए शेयर मार्केट में निवेश कर मुनाफा कमाने का लालच देकर 3,00,000/-रू की ठगी के मामले में खाताधारक व खाता उपलब्ध करवाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-56, फरीदाबाद वासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में दी शिकायत में आरोप लगाया कि फेसबुक पर उसके पास एक लडकी की फ्रेन्ड रिक्वेस्ट आई, जिसके बाद उनकी बातचीत शुरू हो गई। फिर उसने शिकायतकर्ता को शेयर मार्केट में निवेश कर अच्छा लाभ दिलवाने के लिये बोला। जिसकी बातों में आकर उसने विभिन्न खातों में निवेश के लिये 3,00,000/-रू भेज दिये। जब उसने पैसे निकालने की बात कही तो पहले 7 लाख रूपये देने को कहा गया। जिस शिकायत पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना NIT की टीम ने हसन मोहम्मद (30) व राशिद खान (35) वासी गांव शिकरावा जिला नुहू को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हसन खाताधारक है, जिसने अपना खाता अपने गांव के ही रहने वाले राशिद को दिया था। हसन के खाता में ठगी के 50 हजार रूपये आये थे। हसन बेरोजगार है वहीं राशिद एक हास्पिटल में कम्पाउंडर का काम करता है। आरोपियों को 3 दिन पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।



