विज्ञान भवन में गौरवपूर्ण सम्मान, फरीदाबाद के डॉ. पी पी मित्तल को मिला भारत के सर्वश्रेष्ठ ऊर्जा ऑडिटर का राष्ट्रीय पुरस्कार

राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

फरीदाबाद : ऊर्जा संरक्षण और ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं सतत योगदान के लिए सेक्टर 21ए फरीदाबाद निवासी डॉ. पी. पी. मित्तल को देश के सर्वोच्च सम्मानों में से एक “भारत के सर्वश्रेष्ठ ऊर्जा ऑडिटर” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया।

डॉ. पी. पी मित्तल को देशभर में उनके निरंतर और प्रभावशाली कार्यों के कारण “एनर्जी मैन ऑफ इंडिया” के नाम से भी जाना जाता है। वे पिछले कई वर्षों से ऊर्जा बचत, ऊर्जा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से उद्योगों, संस्थानों और सार्वजनिक क्षेत्र में ऊर्जा की बड़ी मात्रा में बचत संभव हुई है। ऊर्जा ऑडिटिंग आज के समय में सतत विकास, पर्यावरण संतुलन और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने का एक सशक्त माध्यम है। डॉ. मित्तल जैसे विशेषज्ञों का योगदान देश के लिए प्रेरणादायी है।

गौरतलब है कि डॉ. मित्तल को इससे पूर्व भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। इस नवीनतम राष्ट्रीय पुरस्कार के मिलने से ऊर्जा एवं पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य करने वाले विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह की लहर है। यह सम्मान न केवल डॉ. मित्तल की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में कार्य कर रहे सभी लोगों के लिए एक प्रेरणास्रोत भी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!