बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता – सराय ख्वाजा विद्यालय में बाल विवाह मुक्त भारत के लिए शपथ ली

फरीदाबाद : राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय ख्वाजा फरीदाबाद में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार छात्र छात्राओं को बाल विवाह समाप्त करने हेतु बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विशेष आयोजन किया गया। विभागीय आदेशानुसार सराय ख्वाजा विद्यालय फरीदाबाद में जूनियर रेडक्रॉस और सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के सहयोग से प्राचार्य मनचंदा ने जागरूकता कार्यक्रम में सभी से आह्वान किया कि बाल विवाह समाप्त करने के लिए हम सभी को प्रयास करने की आवश्यकता है। प्रिंसिपल रविंद्र कुमार मनचंदा एवं प्राध्यापिका दीपांजलि, जितेंद्र गोगिया, सरिता सहित समस्त अध्यापकों एवं स्ट सदस्यों ने छात्र छात्राओं को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलवाई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में बाल विवाह के खिलाफ जन चेतना पैदा करना था।

प्राचार्य मनचंदा ने कहा कि शिक्षा ही वह साधन है जो बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को समाप्त कर सकती है। हमें अपनी बेटियों को शिक्षित करना होगा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करनी होगी। इस अवसर पर दो हजार पांच सौ से भी अधिक छात्र छात्राओं ने सामूहिक रूप से यह शपथ ली कि वह न तो स्वयं बाल विवाह करेंगी और न ही अपने आस-पास किसी को ऐसा करने देंगी तथा बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, डायल 112, पंचायत एवं सरकार को देंगे। बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ग्रहण कार्यक्रम में 2500 से भी अधिक छात्र एवं छात्राओं ने शपथ ली। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा तथा सभी स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों से जागरूक करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्हें बताया कि संवैधानिक व्यवस्था में सभी कार्यों के लिए जैसे वोट बनवाना, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना, विवाह करना इत्यादि सभी कार्यों के लिए सरकार द्वारा एक निश्चित आयु निर्धारित की हुई है इसलिए हम सभी को नियमानुसार कार्य करने की आवश्यकता है। परिपक्व शरीर एवं परिपक्व सोच ही सफल वैवाहिक जीवन का आधार है जो कि बाल विवाह के माध्यम से प्राप्त करना बहुत अधिक कठिन है इसलिए बाल विवाह समाप्त करने हेतु सभी को सक्रिय होने की आवश्यकता है।



