फूलों की खुशबू से महका फरीदाबाद, फ्लावर फेस्टिवल ने दिया हरियाली और सुंदरता का संदेश

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा स्वच्छ, विकसित और सुंदर फरीदाबाद ही होगा उत्कृष्ट फरीदाबाद

फरीदाबाद : फरीदाबाद नगर निगम द्वारा आयोजित भव्य फरीदाबाद फ्लावर फेस्टिवल में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने नगर निगम की प्रथम नागरिक मेयर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए सभी नागरिकों का हार्दिक स्वागत किया। यह कार्यक्रम टाउन पार्क, सेक्टर-12, फरीदाबाद में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रकृति और फूलों की इस सुंदर प्रदर्शनी का आनंद लिया।

उन्होंने कहा कि देशभर में वसंत ऋतु का आगमन हो चुका है। वसंत रंगों, खुशियों और आनंद का मौसम है, इसलिए इसे ऋतुराज कहा जाता है। जब प्रकृति स्वयं रंगों और खुशबुओं से भर जाती है, पेड़-पौधों पर नई कोपलें आती हैं और फूल खिलने लगते हैं, ऐसे समय में फ्लावर फेस्टिवल जैसा आयोजन शहर को नई ऊर्जा और सकारात्मकता देता है।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह आयोजन फरीदाबाद को और अधिक सुंदर बनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए समय-समय पर पौधारोपण, लघु वन का निर्माण, आधारभूत संरचना का विकास, पुल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और सजावट जैसे अनेक कार्य किए जाते हैं। लेकिन कभी-कभी प्रकृति भी हमें अवसर देती है और उस अवसर का लाभ उठाना भी हमारा दायित्व होता है। इसी भावना के साथ इस पुष्प महोत्सव का आयोजन किया गया है।

उन्होंने कहा कि आज किसी भी शहर की पहचान केवल विकास से नहीं बल्कि उसकी सौंदर्यात्मक पहचान से भी होती है। शहर केवल विकसित ही नहीं बल्कि सुंदर भी दिखाई देना चाहिए। आज तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण शहर कंक्रीट के जंगल में बदलते जा रहे हैं, लेकिन इस कंक्रीट के बीच प्राकृतिक सुंदरता का होना भी उतना ही आवश्यक है। फूल और पौधे केवल सजावट नहीं होते, बल्कि वे पूरे वातावरण को जीवंत और सकारात्मक बना देते हैं।

विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी स्वच्छता के साथ-साथ देश की सुंदरता और आधारभूत संरचना के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। उनके नेतृत्व में देशभर में सरकारी भवनों और सार्वजनिक स्थलों का पुनर्विकास हुआ है, रेलवे स्टेशनों को अधिक सुंदर बनाया जा रहा है तथा गांवों तक सड़कों की बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की गई है। इन सभी प्रयासों से देश की समग्र सुंदरता और पहचान में लगातार वृद्धि हो रही है।

उन्होंने कहा कि जब देश की सुंदरता बढ़ रही है तो फरीदाबाद की सौंदर्यात्मक पहचान को आगे बढ़ाना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए समाज की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने घरों और आसपास पौधे और फूल लगाने की आदत विकसित करें। यह न केवल पर्यावरण को बेहतर बनाता है बल्कि मन को भी शांति और संतुलन प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में लोग मोबाइल, इंटरनेट और काम की भागदौड़ में उलझे रहते हैं, लेकिन यदि हम थोड़ा समय निकालकर पौधों और फूलों की देखभाल करें तो यह एक सकारात्मक और सुकून देने वाली आदत बन सकती है। प्रकृति के बीच समय बिताना, पार्क में टहलना और फूलों की सुंदरता को महसूस करना मन के लिए एक तरह की प्राकृतिक उपचार प्रक्रिया है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विकास और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। आज देशभर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कई अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनमें “एक पेड़ मां के नाम” अभियान भी शामिल है। जब प्रधानमंत्री स्वयं इस दिशा में पहल कर रहे हैं तो हम सभी का कर्तव्य है कि हम भी इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि यह पुष्प महोत्सव केवल एक दिन का आयोजन नहीं बल्कि एक विचार और संकल्प है, जिसे आगे भी निरंतर बढ़ाना होगा। हम स्वच्छता अभियान की दिशा में काफी आगे बढ़ चुके हैं, अब हमें स्वच्छता के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण पर भी समान रूप से ध्यान देना होगा।

अंत में उन्होंने कहा कि फरीदाबाद केवल विकसित होने से उत्कृष्ट नहीं बनेगा, बल्कि स्वच्छ, विकसित और सुंदर फरीदाबाद ही वास्तव में उत्कृष्ट फरीदाबाद बनेगा। इसी संकल्प के साथ उन्होंने सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए शहर को और अधिक हरित, स्वच्छ और सुंदर बनाने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!