मॉडर्न बी पी पब्लिक स्कूल में विश्व कला दिवस पर बच्चों की प्रतिभा का प्रदर्शन

फरीदाबाद। सेक्टर-23 स्थित मॉडर्न बीपी पब्लिक स्कूल में विश्व कला दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों ने कॉफी पेंटिंग और बॉटल आर्ट जैसी अनूठी कलाकृतियां प्रस्तुत कीं, जबकि कक्षा 8वीं के छात्रों ने पेंटिंग, ब्लू पॉटरी, एब्स्ट्रैक्ट आर्ट और ग्लास पेंटिंग के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक पेंटिंग्स और हस्तशिल्प वस्तुओं ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर स्कूल के प्रिंसिपल जितेंद्र परमार ने कहा कि कला बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन उनके आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और रचनात्मक सोच को विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और अभिभावकों ने भी बच्चों की कलाकृतियों की सराहना की। यह आयोजन न केवल कला के प्रति रुचि बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच भी प्रदान किया।



