इंडो-नेपाल इंटरनेशनल इंटीग्रल फाइटिंग चैंपियनशिप में फरीदाबाद की कशिश चावला का शानदार प्रदर्शन
सेकेंड डान ब्लैक बेल्ट परीक्षा पास कर बढ़ाया जिले का मान

फरीदाबाद : इंडियन इंटीग्रल फाइटिंग एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रथम इंटरनेशनल इंटीग्रल फाइटिंग चैंपियनशिप एवं ट्रेनिंग कैंप (इंडो-नेपाल) में फरीदाबाद की कशिश चावला ने शानदार प्रदर्शन कर जिले और हरियाणा का नाम रोशन किया। यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन 2 से 5 मई 2026 तक सहारनपुर में आयोजित किया गया, जिसमें भारत और नेपाल के करीब 160 खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में फ्रांस से आए ग्रैंड मास्टर पैट्रिक लेवेट आरोन ने खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया। वह वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ इंटीग्रल फाइटिंग सिस्टम के टेक्निकल डायरेक्टर हैं। फरीदाबाद के सेक्टर 21 सी में रहने वाली कशिश चावला ने इस दौरान प्रतिष्ठित ब्लैक बेल्ट सेकेंड डान परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की, जिसके बाद उन्हें ग्रैंड मास्टर पैट्रिक लेवेट एरॉन द्वारा आधिकारिक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ी के साथ-साथ कशिश चावला ने इंटरनल रेफरी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी निभाई। उनके अनुशासन, तकनीकी ज्ञान और खेल भावना की सभी ने सराहना की। कशिश चावला पेशे से प्रोफेशनल फ्रीलांस साइकोलॉजिस्ट एवं काउंसलर हैं तथा कई संस्थाओं के साथ कार्य कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि वह जल्द ही मिक्स मार्शल आर्ट्स अकादमी शुरू करने की तैयारी में भी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर इंडियन इंटीग्रल फाइटिंग एसोसिएशन तथा खेल प्रेमियों ने कशिश चावला को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



