लघु उद्योग भारती फरीदाबाद का स्थापना दिवस एवं द्वितीय कार्यकारिणी बैठक संपन्न, 30 नए सदस्य जुड़े

हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड फरीदाबाद से संदीप सिंह, बल्लभगढ़ से हरीश कुमार ने उद्योगों की समस्याओं को सुना ।

फरीदाबाद : लघु उद्योग भारती फरीदाबाद द्वारा स्थापना दिवस एवं द्वितीय कार्यकारिणी बैठक का आयोजन सेक्टर-21सी स्थित पार्क प्लाजा होटल में किया गया। कार्यक्रम में उद्योग जगत से जुड़े अनेक उद्यमियों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से 30 नए सदस्यों ने सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड फरीदाबाद के रीजनल ऑफिसर संदीप सिंह तथा बल्लभगढ़ रीजनल ऑफिसर हरीश कुमार उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने उद्योगों और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और उद्योग जगत की भी सांझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी उद्योगों को प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन गंभीरता से करना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

मुख्य अतिथि संदीप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन विकास ऐसा होना चाहिए जो प्रकृति के अनुकूल हो। उन्होंने उद्यमियों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करें और पर्यावरण हितैषी तकनीकों को अपनाएं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव सहयोग के लिए तैयार है।

वहीं हरीश कुमार ने कहा कि उद्योग और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं बल्कि पूरक हैं। यदि उद्योग पर्यावरण मानकों का सही ढंग से पालन करें तो विकास और स्वच्छता दोनों साथ-साथ चल सकते हैं। उन्होंने कहा कि बोर्ड का उद्देश्य उद्योगों को परेशान करना नहीं, बल्कि उन्हें नियमों के प्रति जागरूक कर बेहतर वातावरण तैयार करना है। उन्होंने उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर अध्यक्ष अमृत कोच्चर, महासचिव दिनेश शर्मा एवं कोषाध्यक्ष राजकुमार भगत ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में अमृत कोच्चर ने कहा कि लघु उद्योग भारती लगातार उद्योगों की समस्याओं को सरकार और संबंधित विभागों तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य छोटे एवं मध्यम उद्योगों को मजबूत मंच प्रदान करना, उनकी समस्याओं का समाधान करवाना और उद्यमियों को नई नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी देना है। उन्होंने बताया कि संगठन समय-समय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, बैठकें और औद्योगिक हित से जुड़े आयोजन करता रहता है। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन की बढ़ती सदस्य संख्या यह दर्शाती है कि उद्यमियों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

कार्यक्रम अध्यक्ष गौतम चौधरी तथा लघु उद्योग भारती हरियाणा के जनरल सेक्रेटरी मनोज रुंगटा ने भी अपने संबोधन में संगठन की गतिविधियों और उद्योगों की एकजुटता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संगठित प्रयासों से ही उद्योगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।

कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने उद्योगों के विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस मौके परसभा में फरीदाबाद पलवल के प्रभारी रवि भूषण खत्री, प्रभारी गुरुग्राम एवं मानेसर राकेश गुप्ता, वाईस प्रेसिडेंट सुरिंदर बंसल, बल्लभगढ़ से अध्यक्ष श्रीकांत दमानी, महासचिव सुनील यादव, कोषाध्यक्ष अजय शर्मा अनिल प्रताप सिंह, एन के चावला, सुरिंदर जांगड़ा, श्याम कनकनी, अनिल प्रताप सिंह , पप्पूजीत सिंह सरना संस्थापक सदस्य संजय अरोड़ा एवं कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!