आम प्रवक्ता नरेश ने बीके चौक पर पैट्रोलियम पदार्थों के रेट बढ़ाने के विरोध में मेलोडी बांटी

फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के प्रमुख बादशाह खान चौक पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नरेश शर्मा का अनोखा और आकर्षक प्रदर्शन लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। मेलोडी का प्यार, पेट्रोल 100 पार, मेलोडी खाओ, अच्छे दिन भूल जाओ जैसे व्यंग्यात्मक नारों के साथ किए गए। इस प्रदर्शन ने राहगीरों और आम जनता का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
प्रदर्शन के दौरान नरेश शर्मा ने राहगीरों को मेलोडी टॉफियां बांटी और केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल के दामों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से मध्यम वर्ग और गरीब परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार इजाफा होने से केवल वाहन चलाना ही महंगा नहीं हुआ, बल्कि इसका असर हर वस्तु पर पड़ रहा है। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से सब्जियों, राशन, दूध और अन्य जरूरी सामानों के दाम भी तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता भारी आर्थिक बोझ झेल रही है।
नरेश शर्मा ने केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक ओर देश की जनता महंगाई से त्रस्त है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री विदेश दौरों में मेलोडी टॉफियां बांटने में व्यस्त दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि जनता को अच्छे दिनों के सपने दिखाए गए थे, लेकिन आज हालात यह हैं कि लोग रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लगातार जनता की आवाज उठाती रहेगी और महंगाई, बेरोजगारी तथा पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोगों ने बढ़ती महंगाई को लेकर अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की और आम जनता से सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की।
इस मौके पर आप कार्यकर्ता सतेन्द्र शर्मा, भीम यादव सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और राहगीर मौजूद रहे।



