मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई हाई पॉवर परचेज कमेटी की बैठक में फरीदाबाद के विकास को मिली नई गति : कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल
फरीदाबाद में छह माइक्रो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मिली मंजूरी, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी का जताया आभार।

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हरियाणा निवास, चंडीगढ़ में आयोजित हाई पॉवर परचेज कमेटी (HPPC) एवं हाई पॉवर्ड वर्क्स परचेज कमेटी (HPWPC) की महत्वपूर्ण बैठक में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल सम्मिलित हुए। बैठक में प्रदेशभर के विकास कार्यों, आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने वाली परियोजनाओं तथा विभिन्न विभागों से संबंधित खरीद प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के 340 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के विकास एवं खरीद प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही प्रभावी नेगोसिएशन के माध्यम से लगभग 15.11 करोड़ रुपये की बचत सुनिश्चित कर जनधन के पारदर्शी एवं जिम्मेदार उपयोग का उदाहरण भी प्रस्तुत किया गया।
बैठक के उपरांत कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद को मिली महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में फरीदाबाद निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार आधुनिक शहरी ढांचे के निर्माण, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि बैठक में फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के अंतर्गत सेक्टर-9, 10, 14, 15, 15ए, 16, 17, 18, 19, 29, 30, 31, 32, 34, 35 एवं 37 के ग्रीन बेल्ट तथा पार्कों के लिए छह माइक्रो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने, उनसे संबंधित आधारभूत ढांचे के निर्माण, आवश्यक उपकरणों की स्थापना तथा उनके संचालन एवं रखरखाव से जुड़े कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना फरीदाबाद के पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। इन माइक्रो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों के माध्यम से उपचारित जल का उपयोग ग्रीन बेल्ट और पार्कों के रखरखाव में किया जाएगा जिससे स्वच्छ जल का संरक्षण होगा हरित क्षेत्रों का विस्तार होगा और शहर में स्वच्छ एवं टिकाऊ शहरी विकास को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे फरीदाबाद को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा जनसुविधाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से फरीदाबाद की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शहरी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
विपुल गोयल ने कहा कि बैठक में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम तथा उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के लिए विद्युत अवसंरचना को सुदृढ़ करने से जुड़े विभिन्न उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ लिमिटेड के लिए केंद्र सरकार की एनपीडीडी योजना के अंतर्गत अत्याधुनिक प्रयोगशाला उपकरणों की खरीद को भी स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे डेयरी क्षेत्र को और अधिक मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प हरियाणा का सर्वांगीण, संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित करना है। इसी सोच के अनुरूप इस बैठक में केवल फरीदाबाद ही नहीं, बल्कि गुरुग्राम, सोनीपत और पंचकूला सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई। गुरुग्राम में सेक्टर-78 और 80 के मध्य मास्टर रोड एवं सर्विस रोड के निर्माण, सोनीपत के कुंडली और खरखौदा क्षेत्र में सीवर लाइन, वर्षा जल निकासी व्यवस्था, सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई। वहीं पंचकूला औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 एवं फेज-2 और पिंजौर-कालका शहरी परिसर में नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, मुख्य पंपिंग स्टेशन तथा मौजूदा सीवेज अवसंरचना के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के महत्वपूर्ण कार्यों को भी स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर जिले में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। आने वाले समय में इन सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने से हरियाणा का शहरी ढांचा और अधिक मजबूत होगा तथा प्रदेश विकास और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
बैठक में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा तथा लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा उपस्थित रहे।



