फरीदाबाद पुलिस की सामुदायिक पुल्लिसिंग टीम द्वाया एनआईटी-03 में किया गया नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेन्द्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में सामुदायिक पुलिसिंग सेल, फरीदाबाद द्वारा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी-03, फरीदाबाद में नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा, डायल-112 सेवा एवं ट्रिप मॉनिटरिंग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, संदिग्ध लिंक एवं कॉल से सावधान रहने तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम ने छात्राओं को साइबर अपराधों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। उन्होंने छात्राओं को किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी।

पुलिस चौकी टाउन नंबर-3 के चौकी प्रभारी एसआई मनोज कुमार ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, डायल-112 सेवा एवं ट्रिप मॉनिटरिंग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता के लिए डायल-112 का प्रयोग किया जा सकता है। साथ ही छात्राओं को सुरक्षित यात्रा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में उपलब्ध पुलिस सहायता के संबंध में जागरूक किया गया।

विद्यालय की अध्यापिका सुश्री प्रियंका शर्मा ने कार्यक्रम में सहयोग करते हुए छात्राओं को जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति के संदेश को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं नशा मुक्ति से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!