ब्राह्मण नेता बृजमोहन बातिश के निधन पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भेजा शोक संदेश, मीडिया समन्वयक ने परिजनों को सौंपा

फरीदाबाद। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिला फरीदाबाद ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी बृजमोहन बातिश के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए परिवार को शोक संदेश भेजा है।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि बृजमोहन बातिश के निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। समाज कल्याण एवं सामाजिक संगठन के कार्यों में उन्होंने सदैव सक्रिय भूमिका निभाई। समाज के प्रति उनका समर्पण, सेवाभाव और योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिवार एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक मुकेश वशिष्ठ ने मुख्यमंत्री की ओर से शोक संदेश दिवंगत बृजमोहन बातिश के पुत्र अशोक मोहन वत्स को सौंपा। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।



