फरीदाबाद में इंटर-स्कूल सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2026-27 के प्रथम चरण का सफल आयोजन

Faridabad : पुलिस महानिदेशक हरियाणा तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (हाईवे) करनाल के आदेशानुसार, पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सत्येंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं डीसीपी ट्रैफिक श्री जयबीर सिंह, आईपीएस के निर्देशन में इंटर-स्कूल सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2026-27 के प्रथम चरण का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के आयोजन एवं समन्वय की जिम्मेदारी एसीपी ट्रैफिक शैलेन्द्र सिंह तथा रोड सेफ्टी सेल इंचार्ज इंस्पेक्टर राजेश द्वारा निभाई गई।

सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने, यातायात नियमों के पालन की भावना विकसित करने तथा सुरक्षित सड़क उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर के सरकारी, निजी एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में कुल 2,67,512 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 1,67,285 अंग्रेजी माध्यम तथा 1,00,227 हिंदी माध्यम के विद्यार्थी शामिल रहे।

प्रतियोगिता को चार स्तरों में आयोजित किया गया, जिनमें विद्यार्थियों की भागीदारी निम्नानुसार रही:-

🔹 लेवल-1 (कक्षा 3 से 5)
अंग्रेजी माध्यम – 54,894
हिंदी माध्यम – 26,494
कुल – 81,388 विद्यार्थी

🔹 लेवल-2 (कक्षा 6 से 8)
अंग्रेजी माध्यम – 52,888
हिंदी माध्यम – 34,258
कुल – 87,146 विद्यार्थी

🔹 लेवल-3 (कक्षा 9 से 12)
अंग्रेजी माध्यम – 58,303
हिंदी माध्यम – 36,599
कुल – 94,902 विद्यार्थी

🔹 लेवल-4 (कॉलेज एवं अन्य उच्च शिक्षण संस्थान)
अंग्रेजी माध्यम – 1,200
हिंदी माध्यम – 2,876
कुल – 4,076 विद्यार्थी

प्रतियोगिता के प्रथम चरण में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों, यातायात संकेतों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, पैदल यात्री सुरक्षा, सुरक्षित वाहन संचालन तथा जिम्मेदार नागरिकता से संबंधित विषयों पर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।

इस प्रतियोगिता के प्रथम चरण में चयनित होने वाले प्रतिभागी द्वितीय चरण (जिला स्तरीय प्रतियोगिता) में भाग लेंगे। द्वितीय चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी आगे राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति व्यवहारिक समझ विकसित करना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।

डीसीपी ट्रैफिक श्री जयबीर सिंह, आईपीएस ने कहा कि सड़क सुरक्षा शिक्षा बच्चों में प्रारंभिक स्तर से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और अनुशासन विकसित करने का एक प्रभावी माध्यम है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को सीखने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के संदेशवाहक के रूप में भी तैयार करती हैं, जिससे समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।

फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्यों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का हार्दिक आभार व्यक्त करती है तथा आशा करती है कि आगामी चरणों में भी विद्यार्थियों की इसी प्रकार उत्साहपूर्ण भागीदारी बनी रहेगी।

फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। किसी भी ट्रैफिक नियम उल्लंघन की सूचना देने अथवा सहायता प्राप्त करने हेतु फरीदाबाद ट्रैफिक कंट्रोल रूम (0129-2267201) अथवा Dial-112 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!