जे.सी. बोस विश्वविद्यालय में 14 सितंबर को होगा 6वां दीक्षांत समारोह

राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष प्रदान करेंगे उपाधियां एवं पदक

चार नई परियोजनाओं का होगा का शुभारंभ:

– इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी में उत्कृष्टता केंद्र

– यूएवी एवं एंटी-ड्रोन टेक्नोलॉजी में उत्कृष्टता केंद्र

– विजुअल डिजाइन एवं एनीमेशन स्टूडियो

– दीनदयाल उपाध्याय नॉलेज रिसोर्स सेंटर लाइब्रेरी भवन

फरीदाबाद, 12 सितंबर (मनीष शर्मा) : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद का 6वां दीक्षांत समारोह 14 सितंबर, 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में वर्ष 2024 एवं 2025 में अपने पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। दीक्षांत समारोह में भाग लेने के लिए विश्वविद्यालय के 2,109 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में 68 शोधार्थी भी शामिल हैं।

दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता हरियाणा के माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष करेंगे। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक), बेंगलुरु की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष प्रो. नागेश्वर राव समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे तथा दीक्षांत भाषण देंगे। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार स्वागत संबोधन प्रस्तुत करने के साथ-साथ विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत करेंगे, जिसमें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान, नवाचार, आधारभूत संरचना तथा विद्यार्थी विकास से जुड़ी प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया जाएगा।

दीक्षांत समारोह के दौरान वर्ष 2024 और 2025 के लिए दो-दो विद्यार्थियों को राज्यपाल-कुलाधिपति पदक तथा मुख्यमंत्री पदक से सम्मानित किया जाएगा। राज्यपाल-कुलाधिपति पदक के लिए 75,000 रुपये की पुरस्कार राशि, जबकि मुख्यमंत्री पदक के लिए 65,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। पदक के साथ दोनों वर्गों के विद्यार्थियों को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, 19 विद्यार्थियों को कुलगुरु पदक से सम्मानित किया जाएगा।

दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय में अत्याधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं एवं उत्कृष्टता केंद्रों का उद्घाटन भी किया जाएगा। ये परियोजनाएं विश्वविद्यालय की उभरती प्रौद्योगिकियों, उद्योगोन्मुख शिक्षा तथा उन्नत अनुसंधान को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

प्रमुख परियोजनाओं में इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी में उत्कृष्टता केंद्र शामिल है, जिसे इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा हरियाणा सरकार के तकनीकी शिक्षा विभाग से प्राप्त अनुदान के सहयोग से विकसित किया गया है। इसी क्रम में यूएवी एवं एंटी-ड्रोन टेक्नोलॉजी में उत्कृष्टता केंद्र का भी उद्घाटन किया जाएगा। यह केंद्र कम्युनिटी कॉलेज ऑफ स्किल डेवलपमेंट द्वारा इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग के सहयोग से हरियाणा सरकार से प्राप्त अनुदान के माध्यम से विकसित किया गया है। यह केंद्र राज्य में अपनी तरह की एक अग्रणी पहल है, जहां मानवरहित हवाई यान तथा काउंटर-यूएएस एवं एंटी-ड्रोन तकनीक में शैक्षणिक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान को एकीकृत किया गया है।

विश्वविद्यालय के कम्युनिकेशन एवं मीडिया टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा विकसित विजुअल डिजाइन एवं एनीमेशन स्टूडियो का भी उद्घाटन किया जाएगा। यह सुविधा विजुअल कम्युनिकेशन, डिजिटल मीडिया, एनीमेशन तथा संबंधित रचनात्मक क्षेत्रों में विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान एवं व्यावसायिक कौशल को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

दीक्षांत समारोह का एक अन्य प्रमुख आकर्षण विश्वविद्यालय के नवनिर्मित छह मंजिला दीनदयाल उपाध्याय नॉलेज रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन होगा। इस भवन में विश्वविद्यालय का केंद्रीय पुस्तकालय, प्रबंधन अध्ययन विभाग, स्थापना एवं परीक्षा शाखा सहित विभिन्न प्रशासनिक शाखाएं तथा विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए कक्षाएं संचालित होंगी। इस भवन की आधारशिला हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा 23 अक्टूबर, 2021 को रखी गई थी।

नवनिर्मित नॉलेज रिसोर्स सेंटर को विश्वविद्यालय के एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं बौद्धिक केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों को आधुनिक पुस्तकालय, अध्ययन एवं शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

दीक्षांत समारोह के माध्यम से विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ-साथ उभरती प्रौद्योगिकियों, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और उद्योगोन्मुख शिक्षा के क्षेत्र में अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!