भजन संध्या में गूंजे गणपति बप्पा मोरया – प्रीतम पोदार की भक्तिमय प्रस्तुति

Faridabad : गांधी कॉलोनी स्थित गणेश पार्क में महाराष्ट्र मित्र मंडल द्वारा आयोजित सार्वजनिक श्री गणेश उत्सव के अंतर्गत दिनांक 14 सितम्बर को भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध गायक प्रीतम पोदार ने अपनी मधुर आवाज़ में गणेश भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत “जय गणेश जय गणेश देवा” से हुई, जिसके बाद क्रमशः “सारे तीर्थ धाम आपके चरणों में”, “देवा श्री गणेशा”, “मणिहार के भेष बनाया” तथा मराठी भजन “आमच्या पप्पांनी गणपती आणला” की प्रस्तुति दी गई। प्रत्येक भजन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया और पूरे पंडाल में “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष गूंज उठे।

करताल और ढोलक की ताल पर गूंजते भजनों ने पूरे भवन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर होकर गणपति बप्पा की भक्ति में लीन हो गए।
कार्यक्रम के समापन पर मंडल के अध्यक्ष राजेन्द्र पांचाल, विलास पांचाल, रविन्द्र पांचाल, रमाकांत गुप्ता, अक्षय द्वारा कलाकारों को पारंपरिक फेंटा एवं स्मृति चिन्ह स्वरूप फोटो फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रीतम पोदार की प्रस्तुति ने संपूर्ण शाम को भक्तिरस में डुबो दिया। मंडल की ओर से सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में ऐसे आयोजन निरंतर करते रहने का संकल्प लिया गया।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता और सांस्कृतिक चेतना को भी सुदृढ़ करने का माध्यम सिद्ध हुआ।



