पुरानी रंजिश के चलते व्यक्ति की हत्या के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-48 ने एक आरोपित को किया गिरफ्तार

पुलिस रिमांड पर लेकर की जा रही है पूछताछ

फरीदाबाद : थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र के गांव ताजूपुर में पुरानी रंजिश के चलते मुकेश कुमार की हत्या के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान रोहित उर्फ ताकी निवासी गांव दयालपुर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। आरोपित को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव ताजूपुर निवासी जगमीत ने थाना सदर बल्लभगढ़ में दी शिकायत में बताया कि करीब 4-5 माह पहले उसके पिता मुकेश कुमार का गांव के ही प्रवीन व आलोक के साथ विवाद हुआ था। विवाद के बाद कुछ युवकों को बुलाकर उसके पिता को धमकी दी गई थी। 12 सितम्बर 2026 को मुकेश कुमार मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। दोपहर करीब 3 बजे परिवार को सूचना मिली कि रास्ते में कुछ व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की है। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक मुकेश कुमार का कुछ माह पहले प्रवीन व आलोक के साथ विवाद हुआ था। दोनों ने विवाद की बात अपने बुआ के लड़के कुलदीप को बताई। इसके बाद कुलदीप ने रोहित उर्फ ताकी व अन्य युवकों को एकत्रित किया। 12 सितम्बर को जब मुकेश कुमार मंदिर जाने के लिए निकले तो आरोपितों ने रास्ते में उन्हें रोककर लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें उनकी मृत्यु हो गई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!