साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की कार्रवाई, खाताधारक सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद : साइबर ठगी के मामलों में संलिप्त आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक मामले में खाताधारक सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नेमाराम निवासी गांव गुलाबपुरा, जिला नागौर, राजस्थान, मुदित पारिक निवासी श्रीरामपुरा पारिक मोहल्ला, जिला जयपुर, राजस्थान तथा मुकेश जाखड़ निवासी गांव पनवालियां, जिला नागौर, राजस्थान के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ़ क्षेत्र में फोन हैक होने के बाद बैंक खाते से 60 हजार रुपये की अनधिकृत निकासी का मामला सामने आया था। गांव तिगांव निवासी पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया तथा 31 अगस्त 2026 को उसके बैंक खाते से उसकी जानकारी के बिना 60,000 रुपये कट गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित मुदित पारिक खाताधारक है, जिसके खाता में साइबर ठगी के 60 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। वहीं आरोपित मुकेश और नेमाराम ने उक्त बैंक खाता साइबर ठगी में शामिल आरोपितों को उपलब्ध करवाया था। आरोपित नेमाराम, मुकेश की बुआ का लड़का है।

आरोपित मुदित पारिक को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, वहीं मुकेश जाखड़ व नेमाराम को आगामी पूछताछ के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!