शिक्षा से समाजसेवा तक पहचान, डॉ. मानव शर्मा को डिप्टी कमिश्नर प्रतीक अग्रवाल ने किया सम्मानित
नशा मुक्ति जागरूकता अभियानों में सक्रिय सहभागिता और सामाजिक सरोकारों के लिए मिला सम्मान

बल्लभगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले डॉ. मानव शर्मा, प्रिंसिपल, ज्ञानदीप पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, को डिप्टी कमिश्नर प्रतीक अग्रवाल द्वारा सम्मानित किया गया।
डॉ. मानव शर्मा शिक्षा के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक एवं जन-जागरूकता अभियानों से जुड़े रहे हैं। विशेष रूप से नशा मुक्ति जागरूकता अभियान में उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर महत्वपूर्ण सहभागिता निभाई है। इंस्पेक्टर सुनीता मैडम एवं उनकी टीम के साथ समय-समय पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
डॉ. मानव शर्मा का मानना है कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, जिम्मेदारी, अनुशासन और समाज के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
अपने सरल व्यवहार, सकारात्मक सोच और सामाजिक सहभागिता के कारण डॉ. मानव शर्मा ने शिक्षा जगत के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई है। विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक मंचों पर उन्हें उनके कार्यों और व्यवहार के लिए सम्मान प्राप्त होता रहा है।
डॉ. मानव शर्मा अपनी उपलब्धियों का श्रेय सदैव अपने माता-पिता के आशीर्वाद एवं परिवार के सहयोग को देते हैं। वे विशेष रूप से अपने भाइयों सन्नी शर्मा एवं सोनू शर्मा के सहयोग और विश्वास को अपनी सफलता की महत्वपूर्ण शक्ति मानते हैं।
डॉ. मानव शर्मा ने इस सम्मान के लिए डिप्टी कमिश्नर प्रतीक अग्रवाल एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज और शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
शिक्षा, संस्कार और समाजसेवा को साथ लेकर आगे बढ़ रहे डॉ. मानव शर्मा का यह सम्मान उनके निरंतर सामाजिक योगदान की एक सराहनीय पहचान है।



