75वीं ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में फरीदाबाद पुलिस के जवान विक्की ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड मेडल

DCP मुख्यालय श्रीमती हिमाद्री कौशिक ने मेडल पहनाकर किया सम्मानित

फरीदाबाद पुलिस के कांस्टेबल विक्की ने 75वीं ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में बॉक्सिंग के 90 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर हरियाणा पुलिस एवं पुलिस कमिश्नरेट फरीदाबाद का गौरव बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता सितंबर 2026 में हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में आयोजित की गई थी।

इस उपलब्धि पर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय श्रीमती हिमाद्री कौशिक ने कांस्टेबल विक्की को मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनकी शानदार सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विक्की को भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा वर्ष 2027 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाले वर्ल्ड पुलिस गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर देश एवं हरियाणा पुलिस का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

कांस्टेबल विक्की इससे पहले भी ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में दो बार गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। खेल के प्रति उनकी लगन, मेहनत और निरंतर अभ्यास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। बॉक्सिंग में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने पुलिस विभाग के साथ-साथ हरियाणा का भी गौरव बढ़ाया है।

कांस्टेबल विक्की मूल रूप से जिला झज्जर के गांव जसौरखेड़ी के निवासी हैं। उनके पिता भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं। उनके पिता स्वयं भी सेना में बॉक्सिंग के खिलाड़ी रहे हैं। पिता से मिली खेल भावना, अनुशासन और मेहनत की सीख ने विक्की को बॉक्सिंग में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

फरीदाबाद पुलिस अपने जवान की इस शानदार उपलब्धि पर गर्व महसूस करती है। कांस्टेबल विक्की की सफलता पुलिस विभाग के अन्य जवानों और युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। फरीदाबाद पुलिस कांस्टेबल विक्की को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देती है तथा आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और सफलता की कामना करती है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!