काली पट्टी बांधकर काम पर पहुंचे सेंट्रल जीएसटी अधिकारी, करियर में ठहराव पर जताया विरोध
फरीदाबाद में जोरदार दिखा असर, 27 नवंबर तक चलेगा प्रदर्शन

फरीदाबाद : फरीदाबाद/केंद्रीय जीएसटी के सुपरिंटेंडेंट और इंस्पेक्टरों ने करियर में ठहराव और पदोन्नति में देरी के विरोध में काली पट्टी बांधकर ड्यूटी की। अखिल भारतीय केंद्रीय कर अधीक्षक संघ (AIASCT) के देशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन 23 से 27 नवंबर तक चल रहा है। इसमें दिल्ली और पंचकूला ज़ोन के साथ सीजीएसटी फरीदाबाद के अधिकारी भी शामिल हुए।
अधिकारियों का कहना है कि कई अधिकारी तीन दशक से ज़्यादा की सेवा के बाद सिर्फ़ एक पदोन्नति लेकर रिटायर हो जाते हैं। इससे उनका मनोबल और पेशेवर गरिमा प्रभावित हो रही है।
ये हैं संघ की मांगें
2014 से आगे की सुपरिंटेंडेंटों की अखिल भारतीय वरिष्ठता सूचियों (AISL) को जल्द अंतिम रूप देना, ताकि सहायक आयुक्त पद पर पदोन्नति समय से हो सके
विभागीय पदोन्नति समितियों (DPC) की नियमित और समयबद्ध बैठकें
कैडर पुनर्गठन को जल्द अंतिम रूप देकर लागू करना
एड-हॉक पदोन्नतियों के नियमितीकरण सहित अन्य लंबित सेवा मामलों का समाधान
संघ के उत्तर ज़ोन के उपाध्यक्ष और दिल्ली ज़ोन के पूर्व अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पटेल ने कहा, “ये मांगें प्रशासन से कोई मेहरबानी नहीं, बल्कि अधिकारियों का वैध सेवा संबंधी अधिकार हैं। दिल्ली, पंचकूला और फरीदाबाद के अधिकारियों की भागीदारी बताती है कि पूरा अधिकारी वर्ग एकजुट है। ठोस कार्रवाई होने तक हम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात उठाते रहेंगे।”
दिल्ली ज़ोन के महासचिव पंकज नयन ने कहा, “हमारा उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि हर केंद्रीय कर अधिकारी के लिए न्याय, निष्पक्षता और गरिमा है। हमें उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी मुद्दों की गंभीरता समझते हुए समयबद्ध कार्रवाई करेंगे।”
संघ ने विभाग से अपील की है कि अधिकारियों और विभाग के हित में इन पुराने मुद्दों पर तत्काल और ठोस कदम उठाए जाएं। विज्ञप्ति मृत्युंजय पटेल, पंकज नयन और दिल्ली ज़ोन के उपाध्यक्ष योगेश्वर प्रसाद, की ओर से संयुक्त रूप से जारी की गई।



