‘Run For Unity’ के तहत फरीदाबाद पुलिस ने कराई क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता, 850 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और देशभक्ति का दिया संदेश; युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलकूद से जुड़ने के लिए किया प्रेरित

फरीदाबाद : राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस द्वारा ‘Run For Unity’ के तहत सतयुग दर्शन विद्यालय में क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पुलिस स्मृति दिवस (21 अक्टूबर) से राष्ट्रीय एकता दिवस (31 अक्टूबर) तक आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में लगभग 850 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेंद्र कुमार गुप्ता, आईपीएस के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने विद्यार्थियों को हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक सुनीता ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने और गलत संगति से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और भविष्य को नुकसान पहुंचाता है। युवाओं को चाहिए कि वे अपनी ऊर्जा खेलकूद, शिक्षा और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं तथा एक स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ें।

विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित

क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के सीनियर एवं जूनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। हरियाणा पुलिस द्वारा पुलिस स्मृति दिवस से राष्ट्रीय एकता दिवस तक आयोजित की जा रही गतिविधियों का उद्देश्य पुलिस शहीदों के बलिदान को स्मरण करने के साथ-साथ युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!