शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर मेडिकल स्टोर संचालक से 15.71 लाख रुपये की साइबर ठगी

साइबर थाना NIT की टीम ने चार आरोपितों को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : साइबर अपराधी लोगों को शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर अपनी ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला फरीदाबाद में सामने आया है, जहां साइबर ठगों ने एक मेडिकल स्टोर संचालक से 15 लाख 71 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना NIT की टीम ने चार आरोपितों प्रकाश निवासी गांव बेरूकल, शिमला, हिमाचल प्रदेश, हाल आदर्श नगर, जीरकपुर, पंजाब; अनिरबान निवासी गांव सिंगुर नंदी, हुगली, पश्चिम बंगाल, हाल सेक्टर-88/89, मोहाली, पंजाब; असलम राणा उर्फ आशु उर्फ आशुतोष राणा निवासी गांव तेली माजरा, यमुनानगर, हरियाणा, हाल जीरकपुर, पंजाब तथा सन्नी सिंह निवासी लुधियाना, पंजाब को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सैनिक कॉलोनी निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने यूट्यूब पर शेयर मार्केट ट्रेडिंग से संबंधित एक वीडियो देखा था। इसके बाद आरोपितों ने व्हाट्सएप के माध्यम से उनसे संपर्क किया और ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाकर निवेश करने के लिए कहा। शुरुआत में शिकायतकर्ता ने 10,000 रुपये निवेश किए, जिसके बदले उन्हें 12,168 रुपये वापस मिले। इससे उन्हें आरोपितों पर विश्वास हो गया। इसके बाद आरोपितों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग किस्तों में उनसे कुल 15,71,000 रुपये निवेश करवा लिए। आरोपितों ने उनके ट्रेडिंग अकाउंट में करीब 19 लाख रुपये का मुनाफा दिखाया। जब शिकायतकर्ता ने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपित टालमटोल करने लगे और उन्हें कोई पैसा वापस नहीं दिया। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपित प्रकाश, अनिरबान और असलम उर्फ आशुतोष जीरकपुर की एक सोसायटी में रहते थे। आरोपित प्रकाश और अनिरबान ने अपना करंट बैंक खाता खुलवाकर असलम को दिया था। असलम ने उक्त बैंक खाते टेलीग्राम के माध्यम से सन्नी सिंह को भेजे थे। जिस खाते में साइबर ठगी की 3 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। पुलिस ने चारों आरोपितों को माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!