भारतीय सेना के सम्मान में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन, सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद एवं कैनरा बैंक की संयुक्त पहल

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा सामाजिक सरोकारों एवं जनकल्याण के कार्यों में निरंतर भागीदारी निभाई जा रही है। इसी कड़ी में 01 नवंबर 2026 को सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद एवं कैनरा बैंक के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय सेना के सम्मान में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन सेक्टर-2, बल्लभगढ़ स्थित कम्युनिटी सेंटर में किया गया।
पुलिस प्रववक्ता ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेजर विजय पाल उपस्थित रहे। वहीं ईएसआईसी अस्पताल से डॉ. अत्री ने भी विशेष रूप से शिरकत की। शिविर के सफल आयोजन में कैनरा बैंक के पीयूष गोयल का विशेष योगदान रहा। इसके अतिरिक्त माँ भारती रक्तवाहिनी, भारत विकास परिषद, युवा राजपूताना संगठन, पार्क सहयोग ग्रुप सेक्टर-2, डॉ. सूरज प्रकाश आरोग्य केंद्र सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान एक महादान है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में सहायक हो सकता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
शिविर में क्षेत्र के युवाओं एवं अन्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस अवसर पर सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद में तैनात एचसी सुनील ने भी स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। उनके इस सराहनीय प्रयास ने अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
महिला सुरक्षा एवं नशामुक्ति के प्रति भी किया जागरूक
रक्तदान शिविर के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम ने आमजन को महिला सुरक्षा के संबंध में जागरूक करते हुए आपातकालीन पुलिस सहायता सेवा डायल-112, दुर्गा शक्ति ऐप तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए ट्रिप मॉनिटरिंग सुविधा की जानकारी दी। इसके साथ ही लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। टीम ने लोगों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।
इस अवसर पर बल्लभगढ़ समाज युवा संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
फरीदाबाद पुलिस आमजन से अपील करती है कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा महिला सुरक्षा एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।



