स्कूल-कॉलेजों के आसपास तंबाकू बेचने वालों पर पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की सख्ती

संयुक्त टीम ने दुकानों पर की छापेमारी, नियम तोड़ने वालों के काटे 22 चालान

  • टोबैको फ्री यूथ-4.0 अभियान के तहत सामुदायिक पुलिसिंग सेल एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई।
  • शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री न करने की दुकानदारों को दी सख्त हिदायत।
  • युवाओं को नशे की लत से बचाने और तंबाकूमुक्त समाज बनाने के लिए चलाया विशेष अभियान

फरीदाबाद : युवाओं को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने और जिले में तंबाकू की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार, 6 नवंबर को टोबैको फ्री यूथ-4.0 अभियान के तहत सामुदायिक पुलिसिंग सेल और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में विभिन्न दुकानों पर विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के 22 चालान किए गए।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार स्वास्थ्य विभाग व सामुदायिक पुलिसिंग सेल ने अभियान में भाग लिया। संयुक्त टीम ने विभिन्न दुकानों का औचक निरीक्षण किया और तंबाकू उत्पादों की बिक्री से संबंधित नियमों की जांच की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के 22 चालान किए गए।

शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू बिक्री पर सख्त रोक

अभियान के दौरान दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री करना प्रतिबंधित है। सभी दुकानदार निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। यदि कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि तंबाकू उत्पादों की बिक्री से संबंधित सरकारी नियमों की पालना सुनिश्चित करें तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।

टोबैको फ्री यूथ-4.0 अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। फरीदाबाद पुलिस द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!