टेलीग्राम टास्क में निवेश के नाम पर 1.70 लाख रुपये की साइबर ठगी, साइबर थाना NIT ने दो आरोपितों को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में टेलीग्राम टास्क में निवेश के नाम पर एक व्यक्ति से 1 लाख 70 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कन्हैया चंद्रवंशी वासी गांव मंडनगढ़ तथा कृष्ण कुमार उर्फ राहुल वासी गांव खामी, जिला छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जवाहर कॉलोनी, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी कि 18 जुलाई को वह एक व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ा था। शुरुआत में उसे अलग-अलग टास्क दिए जाते थे, जिन्हें पूरा करने पर पैसे मिलते थे। इसके बाद साइबर ठगों ने उसे प्रीपेड टेलीग्राम टास्क में निवेश करने का लालच दिया। उनके झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 1 लाख 70 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसे न तो निवेश की गई राशि वापस मिली और न ही कोई मुनाफा। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने आगे बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपित कन्हैया ने अपने पिता का बैंक खाता लेकर अपने जानकार कृष्ण कुमार को उपलब्ध करवाया था। उक्त बैंक खाते में ठगी की रकम में से 75 हजार रुपये प्राप्त हुए थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!