फरीदाबाद में शुरू हुई फिल्म ‘कंचा पीस’ की शूटिंग, अब फिल्मी दुनिया में भी चमकेगा औद्योगिक नगरी का नाम
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने क्लैप देकर किया शुभारंभ

- 100 प्रतिशत फरीदाबाद में होगी फिल्म की शूटिंग, निर्माता से लेकर कलाकार तक शहर के ही
फरीदाबाद : औद्योगिक नगरी फरीदाबाद की पहचान अब तक उद्योगों और कारोबार के लिए रही है, लेकिन अब शहर फिल्म जगत में भी अपनी नई पहचान बनाने की तैयारी में है। फिल्म ‘कंचा पीस’ की शूटिंग का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने क्लैप देकर किया। खास बात यह है कि फिल्म की पूरी शूटिंग फरीदाबाद में ही होगी और इसके निर्माता से लेकर कलाकारों तक अधिकांश लोग इसी शहर से जुड़े हैं। इसे फरीदाबाद में स्थानीय स्तर पर फिल्म निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
‘कंचा पीस’ एक हास्य प्रधान रोमांचक पारिवारिक फिल्म है, जिसे हर आयु वर्ग के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। फिल्म की शुरुआत के अवसर पर शहर के उद्योगपति, सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग और फिल्म जगत की हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें फिल्म अभिनेता संजय मिश्रा, डॉयरेञ्चटर रामजी बाली, निर्माता डॉ प्रदीप मोहंती, विजय राज, नीरज सूद, हितेश शर्मा, प्रदीप्ता मोहंती, इनामुक हक, मेघना मल्लिक, अश्वत भट, केसी मोहंती, प्रेमलता देवी, डॉ. प्रतिमा मोहंती, प्रवीण मोहंती, प्रतिष्ठा और उद्योगपति संदीप सिंघल प्रमुख रूप से शामिल रहे। फिल्म के शुभारंभ अवसर पर मौजूद लोगों ने इसे शहर की स्थानीय प्रतिभाओं और सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने वाला प्रयास बताया।
फरीदाबाद के लिए गर्व की बात:
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद के लिए यह गर्व की बात है कि यहां बनने वाली फिल्म की पूरी शूटिंग शहर में ही की जा रही है। इससे फरीदाबाद की पहचान उद्योगों के साथ फिल्म जगत में भी बनेगी। स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
पहली बार यहां होगी पूरी शूटिंग:
फिल्म अभिनेता संजय मिश्रा ने कहा कि इस फिल्म में उनकी भी महत्वपूर्ण भूमिका है। यह एक पारिवारिक फिल्म है। उनके अभिनय जीवन में यह पहला अवसर है, जब किसी फिल्म की पूरी शूटिंग फरीदाबाद में ही करने का मौका मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को फिल्म पसंद आएगी।
शहर के लिए खास अवसर:
डॉयरेञ्चटर रामजी बाली ने कहा कि किसी फिल्म की पूरी शूटिंग फरीदाबाद में होना अपने आप में बड़ी बात है। यह पारिवारिक फिल्म है और सभी वर्गों के दर्शकों के देखने योग्य होगी। इस तरह के प्रयासों से शहर के लोगों को फिल्म निर्माण से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
फिल्म जगत में भी होगा शहर का नाम:
फिल्म निर्माता डॉ. प्रदीप मोहंती ने कहा कि फरीदाबाद को अब तक औद्योगिक नगरी के रूप में जाना जाता रहा है। उनका प्रयास है कि शहर का नाम फिल्म जगत में भी पहचान बनाए। पूरी फिल्म की शूटिंग फरीदाबाद में होना इसी दिशा में एक सार्थक कदम है।



