‘Delhi Corona’ एप लॉन्च, बताएगा किस अस्पताल में हैं कितने बेड !

दिल्ली ! मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य में कोरोना वायरस की स्थिति को लेकर आगे की रणनीति सामने रखी। इस दौरान उन्होंने बताया कि एक एप लॉन्च किया जा रहा है जो बताएगा कि दिल्ली के किस अस्पताल में कितने बेड खाली हैं ताकि कोरोना के मरीजों को अस्पताल के लिए दर-दर न भटकना पड़े।

सीएम केजरीवाल ने कहा कि हमने आप लोगों के लिए कई इंतजाम किए हैं। जहां भी कोरोना पहुंचता है तो वहां फैलता जरूर है। सबसे ज्यादा परेशानी इस बात की होती है कि बेड नहीं होते, वेंटिलेटर नहीं होते। ऐसे में हालात और खराब हो जाते हैं। लेकिन दिल्ली इस मामले में कोरोना से आगे है। दिल्ली में बेड की कमी नहीं है। दिल्ली में लगभग 4100 बेड खाली हैं, लेकिन लोगों को पता नहीं होता कि वे कहां जाए जहां उन्हें बेड, वेंटिलेटर आदि मिल सकेंगे। इसके लिए हम आज एक एप (Delhi Corona) लॉन्च कर रहे हैं जिसमें सभी अस्पतालों की जानकारी होगी कि किस अस्पताल में कितने बेड, वेंटिलेटर आदि हैं। इसमें सभी सरकारी और निजी अस्पतालों का डाटा है।

केजरीवाल ने बताया कि आप इस एप को गूगल प्ले स्टोर पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। अगर स्मार्टफोन नहीं है तो आप इसके वेब पेज पर भी जा सकते हैं। इसके अलावा 1031 पर फोन कर एसएमएस पर पूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं। इस एप को दो बार अपडेट किया जाएगा। एक बार सुबह 10 बजे और फिर शाम 6 बजे। इसे व्हॉट्सएप नंबर 800007722 से भी डाउनलोड कर सकते हैं। अगर आपको बेड होने के बाद भर्ती नहीं किया जाता तो आप तुरंत 1031 पर कॉल करें और अपनी शिकायत दें। यह सीधे आपकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाएगा और आपको मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!