सोनू सूद को बांद्रा टर्मिनल पर प्रवासी श्रमिकों से मिलने से रोका गया !

मुंबई, 9 जून ! मुंबई में फंसे प्रवासी श्रमिकों को उनके गृह राज्य भेजने की व्यवस्था करने वाले अभिनेता सोनू सूद को बांद्रा टर्मिनल पर कथित रूप से आरपीएफ ने रोक लिया और श्रमिकों से मिलने नहीं दिया। सोनू सूद पर शिवसेना ने आरोप लगाया था कि वह ‘भाजपा की ओर से लिखी गई पटकथा पर काम कर रहे’ हैं।
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अभिनेता को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सोमवार रात में रोका था, वह कुछ श्रमिकों से मिलने स्टेशन पहुंचे थे। अधिकारी ने बताया कि उन्हें इस संबंध में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। उस दौरान बांद्रा टर्मिनल से उत्तर प्रदेश जाने वाली विशेष श्रमिक ट्रेन रवाना होने वाली थी।
निर्मल नगर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक ने कहा, ‘‘ अभिनेता को रेलवे पुलिस बल ने रोका न कि मुंबई पुलिस ने। वह गृह राज्य जा रहे कुछ श्रमिकों से मिलना चाहते थे। इस संबंध में हमें अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।’’



