एबीबी इंडिया और ईएसएससीआई ने फरीदाबाद में स्मार्ट इलेक्ट्रीशियन ट्रेनिंग सेंटर के तीसरे चरण की शुरुआत की

फरीदाबाद : इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर स्किल्स काउंसिल ऑफ इंडिया (ईएसएससीआई) ने एबीबी इंडिया के साथ साझेदारी में फरीदाबाद के सेक्टर-86 स्थित स्मार्ट सेंटर फॉर इलेक्ट्रिशियन ट्रेनिंग के तीसरे चरण की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित कर कुशल पेशेवरों की संख्या बढ़ाना और उनके लिए रोजगार के अवसरों का विस्तार करना है। इस पहल की शुरुआत एबीबी इंडिया, फरीदाबाद के लोकेशन इंडस्ट्रियल रिलेशन मैनेजर सुजीत गोसाईं और ईएसएससीआई की वाइस प्रेसिडेंट- स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप सरोज आपटो की मौजूदगी में हुई। इस अवसर पर दोनों संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम प्रशिक्षण से लेकर रोजगार तक की पूरी प्रक्रिया को कवर करता है। इसमें उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग और चयन, उद्योग-केंद्रित प्रशिक्षण, मूल्यांकन, प्रमाणन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहायता शामिल है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के उद्देश्यों के अनुरूप है, जिसमें व्यावसायिक शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। तीसरे चरण के तहत चयनित उम्मीदवारों को स्मार्ट सेंटर में 90 दिनों के दौरान 540 घंटे से अधिक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। न्यूनतम 10वीं पास युवा सीधे वॉक-इन सेंटर पर जाकर इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में नामांकन करा सकते हैं। पाठ्यक्रम में इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में काम करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगारपरक कौशल पर विशेष ध्यान दिया गया है।

ईएसएससीआई उद्योग जगत के साझेदारों के साथ मिलकर सफल उम्मीदवारों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में भी सहयोग करेगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उम्मीदवार केवल प्रशिक्षित और प्रमाणित ही न हों, बल्कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद कार्यबल का हिस्सा बनने के लिए भी पूरी तरह तैयार हों। हरियाणा स्किल डेवलपमेंट मिशन की जॉइंट डायरेक्टर शिखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में कौशल की कमी को दूर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मौजूदा कार्यबल के कौशल को बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को प्रशिक्षित कर हम ऐसे कुशल पेशेवरों की मजबूत और टिकाऊ पाइपलाइन तैयार करना चाहते हैं, जो उद्योग की बदलती जरूरतों को पूरा कर सकें। इस पहल में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखकर भी खुशी हो रही है, जो इलेक्ट्रॉनिक्स और कुशल कार्यबल के क्षेत्र में महिलाओं के लिए बढ़ते अवसरों को दर्शाती है।

ईएसएससीआई की वाइस प्रेसिडेंट- स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप सरोज आपटो ने कहा कि एबीबी-ईएसएससीआई स्मार्ट सेंटर युवाओं को व्यावहारिक और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर स्किल गैप को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। तीसरे चरण के साथ हम इस पहल को और मजबूत करने तथा इलेक्ट्रिशियन के रूप में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए रोजगार के सार्थक अवसर तैयार करने को लेकर उत्साहित हैं। एबीबी इंडिया, फरीदाबाद के लोकेशन इंडस्ट्रियल रिलेशन मैनेजर सुजीत गोसाईं ने कहा कि हमें ईएसएससीआई के साथ स्मार्ट सेंटर के तीसरे चरण के माध्यम से अपनी साझेदारी को जारी रखने पर गर्व है। यह पहल युवाओं को रोजगार के लिए जरूरी कौशल प्रदान करने के साथ-साथ समावेशी अवसर तैयार कर रही है और भविष्य के लिए तैयार कार्यबल के विकास में योगदान दे रही है। एबीबी-ईएसएससीआई स्मार्ट सेंटर पहले ही अपने पहले और दूसरे चरण को पूरा कर चुका है। इन चरणों के तहत युवाओं को उद्योग-केंद्रित इलेक्ट्रिशियन प्रशिक्षण, मूल्यांकन, प्रमाणन और रोजगार सहायता प्रदान की गई। तीसरे चरण के माध्यम से दोनों साझेदार इन उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र में कुशल कार्यबल की पाइपलाइन को और मजबूत करने का लक्ष्य रखते हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!