एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर रुपये हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार, ₹8,500 बरामद; अपराध शाखा सेक्टर-56 की कार्रवाई

फरीदाबाद : थाना सूरजकुंड क्षेत्र में एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर ग्राहकों के रुपये हड़पने के मामले का खुलासा करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹8,500 बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि HITACHI Payments Services Pvt. Ltd., जो विभिन्न बैंकों के एटीएम का संचालन एवं रखरखाव करती है। शिकायत के अनुसार AXIS Bank का एटीएम, शॉप नंबर-5, दयालबाग रोड, चार्मवुड, लकड़पुर, फरीदाबाद स्थित है। 18 जुलाई 2026 को किसी अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम के कैश डिस्पेंसर के अंदर काले रंग की प्लास्टिक की पट्टी लगा दी थी, जिससे ग्राहकों के खाते से रुपये तो कट जाते थे, लेकिन नकदी बाहर नहीं निकलती थी। बाद में आरोपी फंसे हुए रुपये निकाल ले जाता था। जिस शिकायत पर थाना सूरजकुंड में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य सुरागों के आधार पर 21 जुलाई को सुमित उर्फ सचिन, निवासी गांव मौहार, जिला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने काले रंग की एक विशेष प्लास्टिक की पट्टी तैयार कर रखी थी, जिसे वह एटीएम मशीन के कैश डिस्पेंसर पर फिट कर देता था। जब कोई ग्राहक नकदी निकालने का प्रयास करता, तो उसके खाते से रुपये कट जाते थे, लेकिन प्लास्टिक की पट्टी के कारण नकदी बाहर नहीं आती थी। ग्राहक के चले जाने के बाद आरोपी पट्टी हटाकर फंसी हुई नकदी निकाल लेता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹8,500 बरामद किए हैं। जिसको माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



