प्राॅपर्टी हथियाने के लिए छोटे बेटे ने ही करवाई थी मां की हत्या !

हिसार ! अर्बन एस्टेट-टू में वृद्धा सतबीरी देवी की हत्या करवाने का आरोपी कोई और नहीं बल्कि उसका छोटा बेटा राजेश धनखड़ ही निकला। मां द्वारा कोर्ट में केस दायर करने पर और संपत्ति हथियाने के इरादे से 4 दिन रैकी करवाकर वारदात को अंजाम दिलवाया था। इस वारदात के लिए राजेश ने अपने अधीन काम करने वाले युवक, उसके भाई व एक अन्य का सहयोग लिया था। वारदात के बाद आरोपी हिसार में ही छुप गए थे।
उक्त खुलासा सीआईए वन की पूछताछ में सातरोड से गिरफ्तार मास्टरमाइंड राजेश धनखड़, टिब्बा दानाशेर वासी राहुल, इसके भाई सन्नी और ऑटो मार्केट वासी अक्षय उर्फ बच्ची ने किया है। इतना ही नहीं बाइक पर सवार होकर सतबीरी देवी को रास्ते में रोककर उसकी हत्या करने वाले आरोपी सन्नी और अक्षय उर्फ बच्ची थे। सन्नी ने गोली मारी थी और अक्षय उर्फ बच्ची ने बाइक से नीचे उतरकर चाकू से ताबड़तोड़ 6 वार किए थे। पुलिस सभी आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश करेगी। वारदात में इस्तेमाल हथियार और बाइक पुलिस बरामद करेगी।
यूं दिलवाया वारदात को अंजाम : सीआईए वन इंचार्ज बिजेंद्र सिंह ने बताया कि 14 जून की रात को अर्बन एस्टेट टू में सैर पर निकली वृद्धा सतबीरी देवी की हत्या हुई थी। 15 जून को बड़े बेटे रमेश धनखड़ की शिकायत पर मृतका के छोटे बेटे राजेश व 2 अन्यों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। इस मामले में प्रॉपर्टी विवाद सामने आया था। सबसे ज्यादा राजेश धनखड़ पर शक रहा, क्योंकि उसके खिलाफ सतबीरी देवी ने कोर्ट में केस दायर कर रखा था और उससे पहले भी विवाद होता रहा था।
राजेश ने गिरफ्तार होने पर खुलासा किया कि वह फरीदाबाद में ठेकेदारी का काम करता है। टिब्बा दानाशेर का राहुल उसके साथ काम करता है, जिसे मां के साथ चल रहे विवाद के बारे में बताया था। इसे षड्यंत्र में शामिल किया था। इसने अपने भाई सन्नी और दोस्त अक्षय उर्फ बच्ची को वारदात के लिए तैयार किया था। चार दिन रैकी के बाद मौका मिलते ही सन्नी और अक्षय उर्फ बच्ची ने सतबीरी देवी की हत्या की थी।



