ऑल फरीदाबाद ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के साथ समन्वय बैठक आयोजित, परिवहन एवं यातायात संबंधी विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा

फरीदाबाद : पुलिस उपायुक्त यातायात जयबीर सिंह, IPS द्वारा ऑल फरीदाबाद ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य परिवहन व्यवसाय से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करना तथा यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
बैठक के दौरान एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने परिवहन व्यवसाय से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को पुलिस उपायुक्त यातायात के समक्ष रखा। इस दौरान नो-एंट्री टाइमिंग, बीएस-3 वाहनों से संबंधित दिशा-निर्देश, औद्योगिक क्षेत्रों में माल के आवागमन, पार्किंग व्यवस्था तथा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस उपायुक्त यातायात जयबीर सिंह, IPS ने प्रतिनिधियों द्वारा रखे गए सभी बिंदुओं को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि फरीदाबाद हरियाणा की प्रमुख औद्योगिक नगरी है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मालवाहक वाहन विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के मध्य माल के परिवहन का कार्य करते हैं। ऐसे में उद्योगों की आवश्यकताओं तथा शहर की यातायात व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि औद्योगिक गतिविधियां भी सुचारु रूप से संचालित होती रहें और आमजन को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान बीएस-3 वाहनों से संबंधित विषय पर भी चर्चा की गई। पुलिस उपायुक्त यातायात ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण नियंत्रण तथा समय-समय पर सक्षम प्राधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करना सभी संबंधित पक्षों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई लागू नियमों एवं आदेशों के अनुरूप की जाती है तथा नियमों का पालन सुनिश्चित करना सभी वाहन मालिकों एवं परिवहन व्यवसायियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में नो-एंट्री टाइमिंग एवं भारी वाहनों के संचालन से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं पर भी चर्चा की गई। यातायात पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों की पालना सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि शहर में सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना भी है। उन्होंने परिवहन व्यवसायियों से निर्धारित नियमों का पालन करने, वाहनों के आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।
इसके अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था, मालवाहक वाहनों के संचालन तथा यातायात प्रबंधन को और बेहतर बनाने के संबंध में भी सुझावों का आदान-प्रदान किया गया। यातायात पुलिस एवं परिवहन संगठनों के बीच नियमित संवाद से कई व्यावहारिक विषयों का समाधान संभव है तथा इस प्रकार की बैठकें भविष्य में भी आयोजित की जाती रहेंगी।
पुलिस उपायुक्त यातायात ने आश्वस्त किया कि ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन द्वारा रखे गए सुझावों एवं समस्याओं को नियमानुसार संबंधित स्तर पर विचारार्थ भेजा जाएगा तथा जनहित एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फरीदाबाद यातायात पुलिस सड़क सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था तथा आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न संगठनों एवं संस्थाओं के साथ संवाद स्थापित कर यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
यातायात संबंधी किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत अथवा सहायता के लिए आमजन फरीदाबाद यातायात नियंत्रण कक्ष 0129-2267201 अथवा डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त यातायात से संबंधित सुझाव एवं शिकायतें फरीदाबाद यातायात पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर), फेसबुक एवं इंस्टाग्राम के माध्यम से भी साझा की जा सकती हैं। साथ ही इन माध्यमों पर यातायात से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं एवं अपडेट भी प्राप्त किए जा सकते हैं।



