CAA के समर्थन में रैली, महिला अधिकारियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को जड़े थप्पड़

राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ के ब्यावरा में एक सनसनीखेज घटनाक्रम में महिला अधिकारियों ने CAA के समर्थन में रैली कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को थप्पड़ जड़े। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता ने भी डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा के बाल खींचे। CAA के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकाल रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच उस समय टकराव हुआ जब डिप्टी कलेक्टर ने धारा 144 का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को रोका। बात बढ़ गई और डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा एक प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने लगीं। इसी बीच भीड़ में किसी प्रदर्शनकारी ने डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा के बाल खींच दिए।
कलेक्टर ने भी जड़े थप्पड़ : राजगढ़ की कलेक्टर निधि निवेदिता ने कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन करने से रोका लेकिन वे नहीं माने। इस दौरान कलेक्टर की कार्यकर्ताओं से तीखी बहस हुई और उन्होंने एक नेता को थप्पड़ जड़ दिया। इस बीच विवाद बढ़ता गया और पुलिस के साथ-साथ कलेक्टर भी बीजेपी कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने के लिए काफी संघर्ष करती हुईं नजर आईं। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।



